
x
‘कुछ नहीं होगा’ कहकर गया गार्ड, लौटे तो अकाउंट हो चुका था खाली
Bihar बिहार: पूर्णिया जिले में एटीएम फ्रॉड का एक मामला सामने आया है, जहां कार्ड मशीन में फंसने के बाद एक व्यक्ति के खाते से 59 हजार रुपये निकाल लिए गए। घटना के बाद बैंक की सुरक्षा व्यवस्था और गार्ड की लापरवाही पर सवाल उठने लगे हैं। जानकारी के अनुसार, सदर थाना क्षेत्र के चिमनी बाजार निवासी नूर इस्लाम जनता चौक स्थित पीएनबी एटीएम से 9 हजार रुपये निकालने पहुंचे थे। इसी दौरान उनका एटीएम कार्ड मशीन में फंस गया। काफी कोशिश के बावजूद कार्ड बाहर नहीं निकला और न ही पैसे निकले।
पीड़ित ने बताया कि एटीएम पर उस समय कोई सुरक्षा गार्ड मौजूद नहीं था। एटीएम पर लिखे मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर गार्ड ने खुद को दूर होने की बात कही। काफी देर बाद जब नूर इस्लाम गार्ड को लेकर वापस एटीएम पहुंचे, तब तक कार्ड गायब हो चुका था और उनके मोबाइल पर 59 हजार रुपये निकासी का मैसेज आ गया।
घटना के बाद पीड़ित ने तुरंत कार्ड ब्लॉक कराया और के. हाट थाना में शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित का आरोप है कि अगर गार्ड समय पर पहुंच जाता या एटीएम पर मौजूद रहता, तो यह घटना नहीं होती। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान में जुटी है। इस घटना के बाद जिले में बिना गार्ड चल रहे एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
Next Story





