
x
भारत-कनाडा की रणनीतिक साझेदारी पर पीएम मोदी का बड़ा संदेश
दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को नई दिल्ली में कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच भारत-कनाडा संबंधों को और मजबूत बनाने को लेकर महत्वपूर्ण बातचीत हुई। बैठक में व्यापार, टेक्नोलॉजी, सुरक्षा, ऊर्जा, शिक्षा और दोनों देशों के नागरिकों के बीच आपसी संबंधों को बढ़ावा देने जैसे विषयों पर चर्चा की गई।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मुलाकात की जानकारी साझा करते हुए खुशी जताई। उन्होंने कहा कि कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद के साथ विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को आगे बढ़ाने पर सार्थक चर्चा हुई। भारत कनाडा के साथ रचनात्मक और भविष्योन्मुखी रणनीतिक साझेदारी विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे दोनों देशों के नागरिकों को ठोस लाभ मिल सके।
बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने भारत और कनाडा के बीच बढ़ते सहयोग को वास्तविक परिणामों में बदलने पर जोर दिया। उन्होंने व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (सीईपीए) को लेकर जारी बातचीत जल्द पूरी करने के महत्व को भी रेखांकित किया। दोनों पक्षों ने क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी विचार साझा किए।
इससे पहले 13 अक्टूबर को प्रधानमंत्री मोदी ने कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी से भी बातचीत की थी। दोनों नेताओं ने व्यापार, ऊर्जा, तकनीक और सुरक्षा के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई थी। साथ ही द्विपक्षीय आर्थिक साझेदारी को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई थी।
भारत और कनाडा के बीच उच्चस्तरीय संवाद लगातार आगे बढ़ रहा है। अनीता आनंद की भारत यात्रा भी इसी कूटनीतिक प्रक्रिया का हिस्सा है। दोनों देश व्यापारिक अवसरों का विस्तार करने और आपसी हितों से जुड़े क्षेत्रों में सहयोग मजबूत करने की दिशा में काम कर रहे हैं।
Next Story





