भारत

मुंबई में कारोबारी को पाकिस्तान के नंबर से धमकी, कश्मीर के शख्स को सतारा से किया गया गिरफ्तार

jantaserishta.com
8 Sept 2026 12:31 PM IST
मुंबई में कारोबारी को पाकिस्तान के नंबर से धमकी, कश्मीर के शख्स को सतारा से किया गया गिरफ्तार
x
मुंबई: मुंबई के बांद्रा इलाके के गरीब नगर में तोड़क कार्रवाई के बाद कारोबारी इम्तियाज खत्री को पाकिस्तान के नंबर से मिली धमकी के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने एक शख्स को गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच की क्राइम इंटेलिजेंस यूनिट ने कार्रवाई करते हुए 45 वर्षीय मोहम्मद शरीफ को महाराष्ट्र के सतारा से गिरफ्तार किया। आरोपी मूल रूप से जम्मू-कश्मीर के पुंछ इलाके का रहने वाला है और वर्ष 2008 से मुंबई में रहकर सुरक्षा गार्ड के तौर पर काम कर रहा था।
पुलिस के मुताबिक, बीते दिनों मुंबई के कारोबारी इम्तियाज खत्री को पाकिस्तान के नंबर से व्हाट्सऐप कॉल और वॉइस नोट के जरिए धमकी दी गई थी। मामले की जांच के दौरान क्राइम ब्रांच को ऐसे सुराग मिले, जिनसे पता चला कि मोहम्मद शरीफ पाकिस्तान में मौजूद एक व्यक्ति के संपर्क में था। इसके बाद पुलिस ने शरीफ को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
जांच के दौरान पुलिस ने शरीफ के मोबाइल फोन की जांच की, जिसमें पाकिस्तान में मौजूद व्यक्ति के साथ बातचीत और संपर्क के सबूत मिलने का दावा किया गया है। इन सबूतों के आधार पर पूछताछ के बाद क्राइम ब्रांच ने शरीफ को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि पाकिस्तान में मौजूद व्यक्ति के साथ शरीफ का संपर्क किस वजह से था और क्या उसका कारोबारी इम्तियाज खत्री को मिली धमकी से कोई सीधा संबंध है। जांच एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि धमकी के पीछे कौन लोग हैं और इस पूरे मामले में पाकिस्तान कनेक्शन की वास्तविक भूमिका क्या है।
जांच में यह भी सामने आया है कि मोहम्मद शरीफ के पिता पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में रहते हैं। इस जानकारी के बाद पुलिस की जांच और गहन हो गई है। क्राइम ब्रांच शरीफ के संपर्कों, मोबाइल में मौजूद जानकारी और पाकिस्तान में उसके संपर्क में रहे व्यक्ति की भूमिका की जांच कर रही है।
क्राइम ब्रांच ने आरोपी की पत्नी शबनम और उसके भतीजे से भी पूछताछ की है। शबनम ने पुलिस को बताया कि उसका पति वर्ष 2008 में मुंबई आया था। यहां उसने अंधेरी, साकीनाका, जोगेश्वरी और बांद्रा जैसे इलाकों में वॉचमैन के तौर पर काम किया। बाद में वह सतारा में रहकर सुरक्षा गार्ड का काम कर रहा था जबकि उसकी पत्नी भी वहीं घरेलू काम करती है।
गिरफ्तारी के बाद मोहम्मद शरीफ को अदालत में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने उसे 13 सितंबर तक मुंबई क्राइम ब्रांच की कस्टडी में भेज दिया है। अब पुलिस उससे पूछताछ कर धमकी मामले से जुड़े अन्य कड़ियों और पाकिस्तान में मौजूद उसके संपर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story