भारत
स्टीयरिंग रॉड टूटने के बाद मौत से चंद फीट दूर रुकी बस, 59 यात्रियों की बची जान
jantaserishta.com
24 Aug 2026 8:43 AM IST

x
बड़ा हादसा टला.
छत्रपति संभाजीनगर: महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर से गुजरात के सूरत जा रही एसटी बस शनिवार को कन्नड़ घाट में बड़े हादसे का शिकार होते-होते बच गई. बस का अचानक स्टीयरिंग रॉड टूट गया और देखते ही देखते चालक का नियंत्रण बस से हट गया. अनियंत्रित बस घाट की सुरक्षा दीवार से टकराई और खाई के मुहाने पर जाकर अटक गई. बस में उस वक्त 59 यात्री सवार थे.
स्टीयरिंग फेल होते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई. किसी को समझ नहीं आया कि आखिर अगले पल क्या होने वाला है. यात्रियों को डर था कि बस सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरेगी. गनीमत रही कि बस का अगला हिस्सा लोहे के मजबूत सपोर्ट में फंस गया और बस वहीं रुक गई. महज कुछ फीट और आगे बढ़ने पर बड़ा हादसा हो सकता था.
सुरक्षा दीवार से टकराने के दौरान बस के आगे बैठे चार यात्रियों को मामूली चोटें आईं. सभी घायलों को चालीसगांव ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया गया. उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है. वहीं, बस में सवार बाकी 55 यात्रियों को स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और ट्रैफिक टीम मौके पर पहुंची. राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए यात्रियों को बस से बाहर निकाला गया. इसके बाद क्रेन की मदद से बस को हटाया गया, जिससे घाट मार्ग पर यातायात फिर से सुचारू हो सका.
दुर्घटना के बाद यात्रियों के लिए दूसरी एसटी बस की व्यवस्था की गई. सभी यात्रियों को सुरक्षित तरीके से दूसरी बस में बैठाकर सूरत रवाना किया गया. हादसे के बाद सुरक्षित बचे यात्रियों ने राहत की सांस ली और बस के रखरखाव को लेकर सवाल भी उठाए.
इस घटना ने एसटी बसों के रखरखाव और फिटनेस जांच की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. यात्रियों का कहना है कि घाट जैसे जोखिम भरे रास्तों पर बसों को रवाना करने से पहले उनकी तकनीकी जांच बेहद जरूरी है. यात्रियों ने मांग की है कि स्टीयरिंग रॉड टूटने की घटना की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और यह पता लगाया जाए कि बस को फिटनेस जांच के बाद ही सड़क पर उतारा गया था या नहीं.
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





