
हिमाचल। कांगड़ा में आज रविवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया. यहां हाइवे पर एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे में बस में सवार कम से कम 24 यात्री घायल हो गए. घायलों में बस ड्राइवर भी शामिल है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, ड्राइवर के सीने में अचानक तेज दर्द उठा, जिसके कारण बस बेकाबू हो गई और पलट गई.
एजेंसी के अनुसार, यह हादसा नूरपुर उपमंडल के तहत पठानकोट-मंडी नेशनल हाइवे पर हुआ. रविवार सुबह करीब 11 बजे बस चंबा से ऊना की ओर जा रही थी. जैसे ही बस नूरपुर क्षेत्र में पहुंची, चालक की तबीयत अचानक बिगड़ गई. सीने में दर्द के कारण वह बस को नियंत्रित नहीं कर सका, जिसके चलते बस सड़क पर पलट गई. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनाई देने लगी. स्थानीय लोगों को पता चला तो तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. ग्रामीणों और राहगीरों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला. सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंच गई. सभी घायलों को तत्काल नूरपुर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया.
पुलिस के अनुसार, हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें बस चालक भी शामिल है. गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए कांगड़ा स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज, टांडा रेफर किया गया है. जबकि अन्य 20 घायलों का इलाज नूरपुर सिविल अस्पताल में चल रहा है. डॉक्टरों का कहना है कि सभी घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर है. पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में हादसे की वजह चालक की अचानक बिगड़ी तबीयत सामने आई है. हालांकि, दुर्घटना के अन्य कारणों की भी जांच की जा रही है. प्रशासन ने घायलों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.





