भारत

रिवर्स लेते समय बस ड्राइवर की बड़ी लापरवाही, चपेट में आने से 4 लोगों की मौत

Nilmani Pal
30 Dec 2025 6:50 AM IST
रिवर्स लेते समय बस ड्राइवर की बड़ी लापरवाही, चपेट में आने से 4 लोगों की मौत
x
बड़ा हादसा

मुंबई। भांडुप रेलवे स्टेशन के पास सोमवार रात एक बड़ा हादसा हो गया, जब बेस्ट की एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बस ने रिवर्स लेते समय कई लोगों को कुचल दिया, जिसमें 4 लोगों की मौत हो गई है और 9 लोग घायल बताए जा रहे हैं.

यह घटना 29 दिसंबर को रात करीब 10:05 बजे स्टेशन रोड, भांडुप पश्चिम में हुई. हादसे की सूचना फायर ब्रिगेड कंट्रोल रूम को मिली, जिसके बाद तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया. मौके पर मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस, बेस्ट के कर्मचारी और 108 एंबुलेंस की टीमें पहुंच गईं. शुरुआती जानकारी के अनुसार, बस पीछे की ओर जा रही थी, तभी वहां मौजूद लोगों से टकरा गई और कई लोगों को कुचल दिया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. घायलों को इलाज के लिए एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया है.

फिलहाल पुलिस और अन्य एजेंसियां मौके पर मौजूद हैं और हालात पर काबू पाने के साथ-साथ मामले की जांच की जा रही है. हादसे से जुड़ी विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है. डीसीपी हेमराज सिंह राजपूत ने बताया कि एक दुखद बस हादसे की जानकारी मिली. सोमवार रात करीब 09:35 बजे के लगभग भांडुप वेस्ट रेलवे स्टेशन के पास एक बस दुर्घटना हुई. इस हादसे में 13 पैदल यात्रियों को चोटें आई हैं, जिन्हें तुरंत अस्पताल भेजा गया।.

डीसीपी ने कहा कि इतने गंभीर हादसे में चार लोगों की मृत्यु हो चुकी है, जिनमें तीन महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं. यह एक बेहद दर्दनाक घटना है जिसने स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया है.

Next Story