भारत
आगरा में 250 साल पुरानी मजार पर चला बुलडोजर, जिला प्रशासन ने की बड़ी कार्रवाई
Shantanu Roy
16 Jun 2026 2:36 PM IST

x
बड़ी खबर
Agra. आगरा। आगरा में मंगलवार को एमजी रोड स्थित आगरा कॉलेज के सामने सड़क के बीच बनी करीब 250 साल पुरानी मजार को प्रशासन ने हटवा दिया। यह कार्रवाई दोपहर लगभग एक बजे अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत शुरू की गई और करीब आधे घंटे में मजार को सुरक्षित तरीके से पास स्थित ईदगाह परिसर में स्थानांतरित कर दिया गया। प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था और सड़क के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर यातायात को अस्थायी रूप से रोक दिया गया। अधिकारियों के अनुसार, यह कदम लंबे समय से सड़क हादसों और यातायात बाधित होने की शिकायतों के बाद उठाया गया।
जानकारी के अनुसार, एमजी रोड पर स्थित इस मजार को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। स्थानीय लोगों और विभिन्न संगठनों की ओर से यह शिकायत की जा रही थी कि सड़क के बीच स्थित ढांचा जाम और दुर्घटनाओं का कारण बन रहा है। इसी को जनहित का मुद्दा मानते हुए मामला अदालत तक पहुंचा था। योगी यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष और हिंदूवादी नेता कुंवर अजय तोमर ने 19 जनवरी 2026 को अपर सिविल जज (सीनियर डिवीजन) की अदालत में याचिका दायर कर सड़क पर स्थित दो मजारों को हटाने की मांग की थी। याचिका में कहा गया था कि इन ढांचों के कारण सड़क पर यातायात बाधित होता है और कई सड़क दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं।
मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने आगरा के जिलाधिकारी, नगर आयुक्त और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के मुख्य अभियंता को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया था। इसके बाद प्रशासन ने तीन सदस्यीय समिति गठित कर विस्तृत जांच कराई। जांच रिपोर्ट में पाया गया कि सड़क पर स्थित एक मजार के कारण यातायात प्रभावित हो रहा था, जबकि दूसरी मजार से कोई विशेष समस्या नहीं थी। रिपोर्ट के आधार पर प्रशासन ने मजार समितियों, स्थानीय प्रतिनिधियों और संबंधित विभागों के साथ कई दौर की बातचीत की।
बैठकों के बाद संबंधित पक्षों के बीच सहमति बनी कि मजार को सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जाए। सहमति बनने के बाद मंगलवार को प्रशासन ने कार्रवाई को अंजाम दिया। कार्रवाई के दौरान मजार को नुकसान पहुंचाए बिना उसे सावधानीपूर्वक ईदगाह परिसर में शिफ्ट किया गया। प्रशासन का कहना है कि यह कदम कानून व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है। स्थानीय प्रशासन के अनुसार, स्थानांतरण प्रक्रिया शांतिपूर्ण रही और किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं हुई। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने स्थिति पर लगातार निगरानी रखी। इस कार्रवाई के बाद एमजी रोड पर यातायात व्यवस्था सामान्य कर दी गई है। प्रशासन का कहना है कि भविष्य में भी सड़क सुरक्षा और जनहित को ध्यान में रखते हुए ऐसे मामलों में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
Tagsआगरा मजार हटाईएमजी रोड अतिक्रमण250 साल पुरानी मजारआगरा कॉलेज रोडईदगाह परिसर शिफ्टसड़क जाम समस्याप्रशासनिक कार्रवाई आगराकोर्ट केस मजार विवादRemoval of Agra shrineMG Road encroachment250-year-old shrineAgra College Roadrelocation of Idgah complextraffic congestion issuesadministrative action in Agracourt case regarding shrine dispute.
Next Story





