
x
सिलेंडर ब्लास्ट ने मचाई तबाही
उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में सोमवार शाम गैस सिलेंडर फटने से एक बड़ा हादसा हो गया। विस्फोट के बाद एक इमारत ढह गई, जिसके मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।
फतेहपुर के पुलिस अधीक्षक (SP) अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि शाम करीब 5:30 बजे स्थानीय लोगों से सूचना मिली कि गैस सिलेंडर फटने के कारण एक इमारत गिर गई है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर सर्विस के जवानों को तुरंत मौके पर भेजा गया।
उन्होंने बताया कि मलबे में कुछ लोगों के दबे होने की आशंका को देखते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। बचाव टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद लोगों को बाहर निकाला और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। SP के अनुसार, हादसे में सात लोगों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। इनमें से तीन लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। वहीं, अन्य घायलों का इलाज जारी है। अधिकारियों ने बताया कि घायलों की स्थिति और हादसे से जुड़ी अन्य जानकारी जुटाई जा रही है।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए राहत कार्य में तेजी लाई। फतेहपुर के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायलों का हाल जानने की बात कही है। प्रशासन की टीम हादसे के कारणों की जांच भी कर रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा गैस सिलेंडर में विस्फोट के कारण हुआ। हालांकि, विस्फोट की सही वजह और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घटनास्थल से दूर रहें ताकि राहत और बचाव कार्य में कोई बाधा न आए। फिलहाल पुलिस, फायर विभाग और प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं और बचाव अभियान जारी है।
Next Story





