भारत
सीमा पर BSF जवानों ने धूमधाम से मनाई दीपावली, DIG ने बढ़ाया हौसला
jantaserishta.com
20 Oct 2025 2:31 PM IST

x
त्योहारों के इस मौके पर सीमा की रक्षा में तैनात जवानों के बीच उत्साह, एकजुटता और देशभक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला.
गुरदासपुर: पंजाब के गुरदासपुर सेक्टर में अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर तैनात सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने रविवार शाम को दीपावली का त्योहार धूमधाम से मनाया। इस अवसर पर बीएसएफ के डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल (डीआईजी) जसविंदर कुमार बिरदी और विभिन्न बटालियनों के कमांडेंट जवानों के साथ शामिल हुए।
त्योहारों के इस मौके पर सीमा की रक्षा में तैनात जवानों के बीच उत्साह, एकजुटता और देशभक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। सीमा पर आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में दीप प्रज्वलन, मिठाइयों का वितरण, आतिशबाजी और एक जीवंत सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में जवानों ने पारंपरिक और देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियां दीं, जिसने सभी के मन में उत्सव की भावना को और प्रबल किया। इसके बाद जवानों और अधिकारियों ने एक साथ रात्रि भोज का आनंद लिया, जिसमें आपसी भाईचारे और सौहार्द की भावना स्पष्ट झलक रही थी। यह आयोजन न केवल त्योहार का उत्सव था, बल्कि जवानों के बीच एकता और मनोबल को बढ़ाने का एक माध्यम भी बना।
डीआईजी जसविंदर कुमार बिरदी ने इस अवसर पर जवानों के अटूट समर्पण और देशसेवा की भावना की दिल खोलकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा, "हमारे जवान त्योहारों के दौरान अपने परिवारों से दूर रहकर भी देश की सीमाओं की रक्षा में दिन-रात तैनात रहते हैं। उनकी यह निष्ठा और बलिदान का जज्बा हर भारतीय के लिए गर्व का विषय है।"
उन्होंने जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी मेहनत और साहस देश की सुरक्षा की रीढ़ है, और बीएसएफ का प्रत्येक जवान इस महान परंपरा का प्रतीक है। कठिन परिस्थितियों में भी उनकी दृढ़ता और उत्साह ने यह साबित किया कि वे न केवल सीमा की रक्षा में, बल्कि देश की सांस्कृतिक और पारंपरिक विरासत को जीवित रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
सीमा पर तैनात जवानों ने इस अवसर पर अपने परिवारों को याद करते हुए भी देश की सेवा को सर्वोपरि बताया। जवानों ने कहा कि यहां दीपावली मनाना परिवार के साथ मनाने से अलग है, लेकिन देश की सेवा का यह मौका हमें गर्व से भर देता है।"
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





