भारत

जमीनी विवाद के चलते भाई ने भाई पर चलाई गोली, पुलिस ने दिया बयान

Shantanu Roy
14 March 2024 5:24 PM GMT
जमीनी विवाद के चलते भाई ने भाई पर चलाई गोली, पुलिस ने दिया बयान
x
जांच में जुटी पुलिस
सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत में जमीनी विवाद के चलते भाइयों के बीच झगड़ा हो गया। यह झगड़ा इतना बढ़ गया कि एक भाई ने गोली चला दी। गोली उसके ताऊ के लड़के को लगी। इससे वह घायल हो गया। परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है। साथ ही पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने खानपुर महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल जाकर घायल का बयान दर्ज किया। इसके बाद FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मामला गोहाना के मुंडलाना गांव का है। गोहाना सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर महिपाल ने बताया कि सूचना मिलने पर वह अस्पताल गए, जहां घायल सतबीर निवासी मुंडलाना का बयान दर्ज किया। सतबीर ने पुलिस को बताया कि वह पंचायत समिति का सदस्य है। सतबीर ने कहा कि उसके चाचा रामदिया का घर उसके घर के साथ में लगता है। चाचा रामदिया के 3 लड़के थे। उनके एक लड़के शमशेर की मृत्यु हो चुकी है। बाकी बचे 2 बेटे सुभाष और सुरेंद्र जमीन के लिए लड़ते रहते हैं।
सतबीर ने बताया कि 12 मार्च को सुभाष और सुरेंद्र का जमीनी को लेकर झगड़ा हो गया। उनमें आपस में मारपीट हो रही थी। झगड़े की आवाज सुनकर सतबीर मामले के निपटारे के लिए पहुंच गया। इस दौरान सुभाष ने अवैध पिस्तौल निकालकर सतबीर पर गोली चला दी। गोली सतबीर के कूल्हे पर लगी। गोली लगते ही सतबीर जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद झगड़ा बंद हो गया। परिजन फौरन घायल को गुहाना सिविल अस्पताल ले गए। डॉक्टर ने वहां प्राथमिक उपचार देकर घायल को खानपुर महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल रेफर कर दिया। जांच अधिकारी इंस्पेक्टर महिपाल ने बताया कि सतबीर के साथ आरोपी सुभाष का भी खानपुर अस्पताल में उपचार चल रहा है। झगड़े के दौरान उसे भी चोटें आई हैं। वहीं, सतबीर की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ IPC की धारा 307 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
Next Story