साले की शादी के बाद घर लौट रहा था जीजा परिवार, हादसे में 4 की मौत

यूपी। शाहजहांपुर जिले के पुवायां क्षेत्र में हुए सड़क हादसे ने निगोही के एक परिवार की पूरी दुनिया उजाड़ दी। साले की शादी में शामिल होकर लौट रहे अरूण अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ हादसे का शिकार हो गए। इस दुर्घटना में अरूण, उसकी पत्नी सीमा, बेटी दीक्षा और बेटे नैतिक की मौत हो गई।
परिवार में अब सिर्फ बड़ी बेटी प्रियांशी बची है, जो हादसे की खबर के बाद से रो-रोकर बेहाल है। मोहल्ला रामनगर बगिया निवासी राकेश मूल रूप से पीलीभीत जनपद के करेली थाना क्षेत्र के गांव रामपुर बसंत के रहने वाले हैं। परिवार के पास महज एक बीघा जमीन थी, जिससे गुजर-बसर संभव नहीं हो पा रही थी। बेहतर जीवन की तलाश में राकेश करीब 22 वर्ष पहले परिवार सहित निगोही आकर बस गए। यहां मेहनत-मजदूरी कर परिवार को संभाला और बच्चों का पालन-पोषण किया।
राकेश के तीन बेटे हैं। अरूण, अर्जुन और अंकित। शादी के बाद अरूण और अर्जुन अपने-अपने परिवार के साथ अलग रहने लगे, जबकि छोटा बेटा अंकित दूसरे प्रांत में निजी नौकरी करता है। परिवार धीरे-धीरे सामान्य जीवन की ओर बढ़ रहा था, लेकिन गुरुवार को हुए हादसे ने सब कुछ बदल दिया। निगोही थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह भी मृतक के घर पहुंचे और परिजनों से हादसे की जानकारी ली। कस्बे में घटना के बाद शोक का माहौल है।
मंगलवार शाम अरुण अपनी पत्नी सीमा, बेटी दीक्षा और बेटे नैतिक के साथ पुवायां थाना क्षेत्र के गांव सिरखिड़ी स्थित ससुराल गए थे। वहां उसके साले की शादी थी। शादी समारोह में शामिल होने के बाद गुरुवार सुबह परिवार बाइक से वापस निगोही लौट रहा था। रास्ते में बोलेरो की टक्कर से चारों की मौत हो गई।





