भारत

करंट लगने से भाई-बहन की मौत, पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच

SHIDDHANT
30 Sept 2026 10:43 PM IST
करंट लगने से भाई-बहन की मौत, पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
x
रामनाथपुरम : तमिलनाडु के रामनाथपुरम जिले से बुधवार को एक दुखद खबर सामने आई है, जहां कमुथी के पास करंट लगने से भाई-बहन की मौत हो गई है। इस घटना को लेकर अभिरामम पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दरअसल, तमिलनाडु के रामनाथपुरम जिले में कमुथी के पास पीने के पानी को साफ करने वाली एक जगह पर लोहे की रॉड के संपर्क में आने से 10 वर्ष की लड़की और उसके 6 वर्ष के छोटे भाई की करंट लगने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान 5वीं कक्षा की छात्रा निरायमथी (10) और उसके छोटे भाई पहली कक्षा के छात्र बालाप्रवीण (6) के तौर पर हुई है। वे कमुथी के पास अचंकुलम गांव के रहने वाले मोहनदास और लता के बच्चे थे।
खबरों के मुताबिक, दोनों बच्चे अपने इलाके में पीने के पानी को साफ करने वाली जगह के पास खेल रहे थे, तभी उन्होंने लोहे की एक रॉड पकड़ ली। अचानक उस रॉड में बिजली का करंट दौड़ गया, जिससे दोनों बच्चों को बिजली का झटका लगा और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
दोनों बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए कमुथी सरकारी अस्पताल में रखा गया है। इस घटना के बाद अभिरामम पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और उस वजह की जांच कर रही है, जिसके कारण करंट लगा। वहीं, मासूमों की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
इससे पहले 26 सितंबर को मध्य प्रदेश के मंडला जिले में नैनपुर थाना क्षेत्र के हीरापुर गांव में एक गणेश पंडाल में बिजली का करंट फैलने से चार युवकों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। मृतकों की पहचान जैन भंवरे (19), रवि झारिया (24), कृष्ण कुमार भंवरे (18) और वीरेंद्र भंवरे (24) के तौर पर हुई। पुलिस ने बताया कि घायलों में से एक की पहचान प्रियांशु के तौर पर हुई है, जिसकी हालत गंभीर थी और उसे आगे के इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
Next Story