![भाई-बहन ने किया सुसाइड, रेलवे ट्रैक पर मिली दोनों की लाश भाई-बहन ने किया सुसाइड, रेलवे ट्रैक पर मिली दोनों की लाश](https://jantaserishta.com/h-upload/2023/02/27/2595603-untitled-14-copy.webp)
रांची। रेलवे ट्रैक पर प्रेमी युगल का शव मिला। जांच में पता चला कि दोनों आपस में शादी करना चाहते थे लेकिन परिजन इसके लिए तैयार नहीं थे। क्या मामला जात-बिरादरी अलग होने का था। नहीं! असली वजह जानकर पुलिस भी हैरान रह गई। बताया जा रहा है कि प्रेमी युगल आपस में भाई-बहन थे इसलिए परिजन इस शादी के खिलाफ थे। उन्हें लोकलाज और मर्यादा की दुहाई भी दी थी लेकिन दोनों शादी करने की जिद पर अड़े थे।
मामला झारखंड के पलामू जिला अंतर्गत पांकी प्रखंड का है। यहां मुगलसराय रेल मंडल अंतर्गत उंटारी और करकटा रेलवे स्टेशन के बीच पटरियों पर प्रेमी युगल का शव मिला। मृत युवक की पहचान कांडी थानाक्षेत्र अंतर्गत रामबांध के रहने वाले ललन बैठा के 22 वर्षीय बेटे नंदलाल बैठा के रूप में हुई। वहीं, 22 वर्षीय खुशबू कुमारी उंटारी थानाक्षेत्र अंतर्गत गटीअरवा गांव के रहने वाले राकेश बैठा की पुत्री थी। पिछले कुछ समय से दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग था। प्रेमी युगल रिश्ते में भाई-बहन लगते थे इसलिए परिजनों को उनके रिश्ते से आपत्ति थी।
परिजनों ने बताया कि नंदलाल की शादी तय हो चुकी थी। हालांकि, नंदलाल शादी के लिए तैयार नहीं था। वह खुशबू से ही शादी करने की जिद पर अड़ा था। इसी बात को लेकर नंदलाल का अपने बड़े भाई से विवाद भी हुआ था। उसने धमकी भी दी थी कि ट्रेन से कटकर जान दे देगा। वहीं युवती के परिजनों का भी कहना है कि लड़की काफी गुमसुम थी। वह किसी से बात नहीं कर रही थी। फिलहाल, पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मेदिनीनगर मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। घटना की तफ्शीश जारी है।