भारत

स्कॉर्पियो से आए फिर की दिनदहाड़े फायरिंग: गोली लगने से चार युवक घायल, 3 की हालत गंभीर

jantaserishta.com
26 Oct 2026 10:07 AM IST
स्कॉर्पियो से आए फिर की दिनदहाड़े फायरिंग: गोली लगने से चार युवक घायल, 3 की हालत गंभीर
x
अस्पताल में इलाज जारी.
मोगा: पंजाब के मोगा स्थित अंगदपुरा मोहल्ले में दुकान के बाहर बैठे पांच युवकों पर काले रंग की स्कॉर्पियो से आए कुछ लोगों ने गोलीबारी कर दी। इस घटना में चार युवक गोली लगने से घायल हो गए जबकि एक अन्य युवक को गोली के छर्रे लगने की जानकारी सामने आई है। घायलों में से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हमलावर स्कॉर्पियो में सवार होकर मौके पर पहुंचे और युवकों पर फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी में एक युवक के सिर, दो युवकों के पेट और एक युवक की बांह में गोली लगी है। अचानक हुई इस घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्रारंभिक तौर पर इस वारदात के पीछे दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश होने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि इसी रंजिश के चलते दूसरे गुट ने फायरिंग की घटना को अंजाम दिया हो सकता है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके और उनके आने-जाने के रास्ते का पता लगाया जा सके। साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।
मोगा के एसएसपी सरताज सिंह चहल ने बताया कि अंगदपुरा मोहल्ले में फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार होकर आए लोगों ने इस वारदात को अंजाम दिया। घटना में घायल हुए युवकों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
एसएसपी ने बताया कि पीड़ित परिवार की ओर से कुछ लोगों के नाम भी पुलिस को बताए गए हैं। पुलिस संबंधित लोगों के बयान दर्ज कर रही है। बयानों और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "मोगा में दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना बेहद भयावह है। गैंगस्टरों की अंधाधुंध फायरिंग से अंगदपुरा एक युद्धक्षेत्र में तब्दील हो गया है। इसमें कई बेगुनाह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और जिंदगी-मौत की जंग लड़ रहे हैं। गुरु-द्रोही भगवंत मान, क्या यही तुम्हारा 'रंगला पंजाब' है? तुमने राज्य में कानून-व्यवस्था को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया है। अपराधी बेखौफ होकर घूम रहे हैं जबकि पुलिस और प्रशासन लाचार तमाशबीन बनकर रह गए हैं। पंजाब लहूलुहान है।"
पंजाब कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "मोगा में हुई गोलीबारी के बारे में जानकर मैं बेहद हैरान हूं। पंजाब के मौजूदा दुखद हालात सिर्फ कानून-व्यवस्था का मुद्दा नहीं हैं बल्कि यह शासन, जन-सुरक्षा और जवाबदेही के गहरे होते संकट को दर्शाते हैं, जिस पर तुरंत ध्यान देने की जरूरत है।"
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story