
यूनाइटेड किंगडम, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया ने रविवार को फिलिस्तीन को एक स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में औपचारिक रूप से मान्यता देने की घोषणा की. यह कदम मध्य पूर्व में शांति और दो-राष्ट्र समाधान की संभावना को जीवित रखने की दिशा में एक बड़ा नीतिगत बदलाव माना जा रहा है. इस कदम से इजरायल और उसके प्रमुख सहयोगी संयुक्त राज्य अमेरिका के साथ पश्चिमी देशों का तनाव बढ़ सकता है.
यूके के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर लिखा, 'मध्य पूर्व में बढ़ते संकट के बीच, हम शांति और दो-राष्ट्र समाधान की संभावना को बनाए रखने के लिए कदम उठा रहे हैं, जिसमें एक सुरक्षित और संरक्षित इजरायल के साथ-साथ एक व्यवहार्य फिलिस्तीनी राज्य शामिल है. शांति और दो-राष्ट्र समाधान की उम्मीद को जीवित रखने के लिए, मैं इस महान देश के प्रधानमंत्री के रूप में स्पष्ट रूप से घोषणा करता हूं कि यूनाइटेड किंगडम औपचारिक रूप से फिलिस्तीन राज्य को मान्यता देता है.





