
x
ब्लैक मर्सिडीज-मेबैक की सबसे ज्यादा डिमांड
Delhi दिल्ली। BRICS सम्मेलन की तैयारियों के बीच राजधानी में लग्जरी और प्रीमियम कारों की मांग तेजी से बढ़ गई है। 12 सितंबर से शुरू होने वाले आयोजन के लिए विदेशी प्रतिनिधियों, VVIP मेहमानों और वरिष्ठ अधिकारियों के आवागमन को देखते हुए मर्सिडीज, बीएमडब्ल्यू, मेबैक और टोयोटा वेलफायर जैसी महंगी गाड़ियों की बुकिंग बढ़ी है। भारी मांग के कारण कुछ लग्जरी गाड़ियों का किराया लाखों रुपये तक पहुंचने की बात कही जा रही है।
इंडियन टूरिस्ट ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष सतीश शेरावत के मुताबिक, बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के दौरान प्रीमियम गाड़ियों की मांग सामान्य दिनों की तुलना में काफी बढ़ जाती है। इस बार खास तौर पर काले रंग की लग्जरी कारों की मांग ज्यादा देखने को मिल रही है। शेरावत के अनुसार ब्लैक मेबैक, टोयोटा वेलफायर, मर्सिडीज और बीएमडब्ल्यू जैसी गाड़ियों को विदेशी डेलिगेट्स के लिए ज्यादा पसंद किया जा रहा है। हालांकि सफेद रंग की प्रीमियम गाड़ियों की मांग भी बनी हुई है।
लग्जरी गाड़ियों की बढ़ती जरूरत को पूरा करने के लिए दूसरे शहरों और राज्यों से भी वाहन मंगाए जा रहे हैं। पूनिया ट्रैवल्स के मालिक हरमनप्रीत सिंह के मुताबिक, इसके पीछे गाड़ियों की उपलब्धता के साथ परिचालन संबंधी जरूरतें भी एक कारण हैं। ट्रांसपोर्ट कारोबार से जुड़े लोगों के अनुसार, कुछ वाहनों में स्पीड लॉक होने के कारण उनकी अधिकतम गति 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक सीमित रहती है। लंबे रूट और निर्धारित समय के अनुसार मूवमेंट की जरूरतों को देखते हुए उपयुक्त गाड़ियों की व्यवस्था की जा रही है।
इस आयोजन में केवल महंगी गाड़ियों की व्यवस्था पर ही जोर नहीं है, बल्कि उन्हें चलाने वाले शॉफर की ट्रेनिंग और प्रेजेंटेशन पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। ड्राइवरों को VVIP और विदेशी मेहमानों के साथ व्यवहार करने की ट्रेनिंग दी जाती है। उन्हें अच्छी तरह से तैयार रहने के साथ सामान्य अंग्रेजी बातचीत में सक्षम होने पर भी जोर दिया जाता है।बढ़ती मांग ने लग्जरी मोबिलिटी और प्रीमियम शॉफर सर्विस के कारोबार को भी गति दी है। बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजनों से होटल और इवेंट मैनेजमेंट के साथ प्रीमियम ट्रांसपोर्ट सेवाओं के लिए भी बड़ा बाजार तैयार हो रहा है।
Next Story





