
x
कैदियों ने किया हंगामा
Punjab पंजाब: कपूरथला स्थित मॉडर्न जेल में शनिवार रात अचानक हिंसा भड़क उठी, जब कैदियों के दो गुटों के बीच मामूली कहासुनी ने बड़ा रूप ले लिया। यह घटना रात करीब 8:30 बजे हुई, जिसके बाद जेल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और हालात बेकाबू हो गए। जानकारी के अनुसार, विवाद एक कैदी से हुई कहासुनी के बाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आक्रोशित कैदियों ने बैरक नंबर 4 की दीवारें तोड़ दीं और जेल की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। कुछ कैदियों ने आगजनी की कोशिश भी की, जिससे जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पहुंचे पुलिसकर्मियों पर भी कैदियों द्वारा हमला करने की बात सामने आई है। घटनास्थल से सामने आए वीडियो में कैदी प्रशासन पर गोली चलाने के आरोप लगाते नजर आए, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। कैदियों ने दावा किया कि झड़प में एक साथी को गोली लगी है। जेल परिसर के बाहर 5 से 6 एंबुलेंस की मौजूदगी से यह संकेत मिला कि कई लोग घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला गया। जालंधर रेंज के डीआईजी ने बताया कि अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है। जेल में हुई इस बड़ी सुरक्षा चूक और हिंसा के कारणों की जांच की जा रही है।
Next Story





