भारत

BREAKING: अमेरिका में यूपी के युवक की गोली मारकर हत्या

Shantanu Roy
19 July 2024 3:23 PM GMT
BREAKING: अमेरिका में यूपी के युवक की गोली मारकर हत्या
x
बड़ी खबर
New Delhi. नई दिल्ली। अमेरिका के इंडियाना शहर में 16 जुलाई को आगरा निवासी युवक की रोड रेज में गोली मारकर हत्या कर दी गई। शाम को पत्नी सिंथिया विवियाना के साथ मॉल से बाहर निकलकर बाइक पर जा रहे गेविन दासौर को माल ढोने वाले वाहन के चालक ने गोली मार दी। इससे उनकी मौके पर मौत हो गई। शुक्रवार को अमेरिका में ही गेविन का अंतिम संस्कार किया गया। उनकी अस्थियां गंगा में विसर्जन के लिए आगरा लाई जाएंगी। गेविन के पिता पवन दासौर व मां डिंपल, आगरा के देवरी रोड स्थित हिमाचल कॉलोनी में रहते हैं। पिता ने बताया कि गेविन की पिछले महीने 29 जून को मैक्सिकन मूल की सिंथिया विवियाना से शादी हुई थी। मां डिंपल, बेटे की शादी में शामिल होने अमेरिका गई हुई थीं। वे अभी भी अमेरिका में ही हैं। गेविन की बहन दीप्शी दासौर भी अमेरिका में ही आईटी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं।

16 जुलाई की शाम को गेविन अपनी पत्नी विवियाना और बहन दीप्शी के साथ एक मॉल में घूमने गए थे। बहन वहां से अपने घर रवाना हो गईं। गेविन और विवियाना बाइक से घर आ रहे थे। रास्ते में एक दूसरे वाहन चालक ने गेविन की बाइक को टक्कर मारी। जिससे वह अनियंत्रित होकर सड़क से गिर गए। यह देखकर दूसरा चालक हंसने लगा। गेविन ने चालक को ओवरटेक करके रोका, जिस पर उसने गोली चला दी। गोली गेविन की ठोड़ी पर लगी और मौके पर ही उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पिता ने बताया कि गेविन 2016 में अमेरिका गए थे। गेविन बीएससी करने के बाद अमेजन कंपनी में काम करने लगे। वहां वर्ष 2018 में अमेरिका में मैकेनिकल में डिप्लोमा करने के बाद खुद का ट्रांसपोर्ट का व्यवसाय शुरू किया था। पवन दासौर ने एक बीमा कंपनी की फ्रेंचाइजी ले रखी है। उन्होंने बताया परिवार में 29 वर्षीय गेविन के अलावा पत्नी डिंपल और बेटी दीप्शी दासौर हैं।

पिता पवन को 17 जुलाई की सुबह साढ़े सात बजे दीप्शी ने फोन पर गेविन की हत्या की जानकारी दी। इसके बाद रिश्तेदारों और परिचितों को उनके घर पर तांता लग गया। होनहार बेटे को खोकर पिता पवन दासौर का बुरा हाल है। वह बेटे की तस्वीर देख कर रोने लगते हैं। बेटी दीप्शी और पत्नी डिंपल ने फोन पर पवन को गेविन का अंतिम संस्कार अमेरिका में करने की जानकारी दी। वह अस्थियां लेकर आगरा आएंगी। जिन्हें गंगा में प्रवाहित किया जाएगा। पिता पवन ने बताया कि पुत्र गेविन बेहद प्रतिभाशाली थे। वह अमेरिका में खुद का कारोबार खड़ा करना चाहते थे। इसीलिए नौकरी के दौरान ही गेविन ने अमेरिका में मैकेनिकल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा किया। तीन वर्ष पहले ट्रांसपोर्ट का व्यवसाय खड़ा किया। रोड रेज की घटना ने गेविन को उनसे हमेशा के लिए छीन लिया।
Next Story