भारत

BREAKING: यमुना में डूबे दो युवक, एक का शव बरामद, दूसरे की तलाश जारी

SHIDDHANT
27 July 2026 9:38 PM IST
BREAKING: यमुना में डूबे दो युवक, एक का शव बरामद, दूसरे की तलाश जारी
x
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
Delhi दिल्ली। दिल्ली के शाहदरा जिले के गीता कॉलोनी थाना क्षेत्र के खादर इलाके में यमुना नदी में डूबने से दो लोगों के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। घटना के बाद पुलिस, दमकल विभाग और आपदा प्रबंधन की टीमों ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। जानकारी के अनुसार, गांधी नगर इलाके के रहने वाले चार लोग यमुना नदी में नहाने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान दो लोग गहरे पानी में चले गए और अचानक डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी।
घटना की जानकारी मिलते ही गीता कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद दमकल विभाग की टीम और डिजास्टर मैनेजमेंट के प्रशिक्षित गोताखोरों को बचाव अभियान में लगाया गया। रेस्क्यू टीम ने काफी मशक्कत के बाद एक व्यक्ति का शव नदी से बरामद कर लिया है। वहीं, दूसरे युवक की तलाश अभी भी जारी है। गोताखोर लगातार यमुना में तलाशी अभियान चला रहे हैं। पुलिस के अनुसार, हादसे के शिकार दोनों युवक गांधी नगर क्षेत्र के रहने वाले थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वे अपने दो अन्य साथियों के साथ यमुना में स्नान करने पहुंचे थे। इसी दौरान यह हादसा हुआ।
घटना के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था संभाली और लोगों से नदी के गहरे हिस्सों में जाने से बचने की अपील की। दिल्ली में यमुना नदी में डूबने की घटनाएं अक्सर सामने आती हैं, खासकर गर्मियों और त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में लोग नदी किनारे पहुंचते हैं। प्रशासन लगातार लोगों को सावधानी बरतने की सलाह देता है। फिलहाल बचाव टीम दूसरे युवक की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस मामले की जांच भी कर रही है और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।
Next Story