भारत

BREAKING: दो मैकेनिक डंपर समेत अलकनंदा नदी में गिरे, 24 घंटे बाद भी नहीं मिला कोई सुराग

Shantanu Roy
28 Jun 2026 10:33 PM IST
BREAKING: दो मैकेनिक डंपर समेत अलकनंदा नदी में गिरे, 24 घंटे बाद भी नहीं मिला कोई सुराग
x
बड़ी खबर
Afzalgarh. अफजलगढ़। उत्तराखंड के बद्रीनाथ-कर्णप्रयाग राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जिसमें बिजनौर जिले के अफजलगढ़ निवासी दो तहेरे-चचेरे भाई डंपर समेत अलकनंदा नदी में गिर गए। घटना के बाद से दोनों युवकों का कोई पता नहीं चल सका है और रेस्क्यू टीम लगातार तलाश में जुटी है। जानकारी के अनुसार, अफजलगढ़ के मोहल्ला मुमताज हुसैन निवासी अदनान (19) पुत्र अय्यूब और मोहम्मद उमेर (18) पुत्र मोहम्मद याकूब उत्तराखंड के कर्णप्रयाग क्षेत्र में पिछले लगभग छह महीने से एक गैराज में मैकेनिक का काम कर रहे थे।

शनिवार दोपहर दोनों युवक बद्रीनाथ-कर्णप्रयाग राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक खराब डंपर की मरम्मत के लिए पहुंचे थे। मरम्मत पूरी करने के बाद जब वे डंपर को टेस्ट ड्राइव के लिए चला रहे थे, तभी वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, डंपर सड़क से फिसलकर करीब 100 फीट नीचे अलकनंदा नदी में जा गिरा। इस हादसे में दोनों युवक भी डंपर के साथ नदी में समा गए। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और तुरंत पुलिस व राहत-बचाव दल को सूचना दी गई। इसके बाद स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया गया। हादसे की खबर मिलते ही दोनों युवकों के परिजन भी कर्णप्रयाग पहुंच गए।

परिवार के लोग मौके पर मौजूद रहकर अपने प्रियजनों के सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। बताया जा रहा है कि अलकनंदा नदी का बहाव इस समय काफी तेज है, जिससे रेस्क्यू ऑपरेशन में भारी दिक्कतें आ रही हैं। तेज पानी और गहराई के कारण डंपर और युवकों का पता लगाना मुश्किल हो रहा है। घटना को लगभग 24 घंटे से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अभी तक न तो दोनों युवकों का कोई सुराग मिला है और न ही दुर्घटनाग्रस्त डंपर का पता चल पाया है। प्रशासन की ओर से लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है और हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि दोनों युवकों को ढूंढा जा सके। स्थानीय लोगों में भी इस हादसे को लेकर चिंता और शोक का माहौल बना हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि नदी के बहाव में कमी आने और परिस्थितियां अनुकूल होने पर सर्च ऑपरेशन और तेज किया जाएगा।
Next Story