भारत

BREAKING: कंपनी का माल चोरी व गबन करने वाला आरोपी गिरफ्तार

Shantanu Roy
13 Jan 2026 7:30 PM IST
BREAKING: कंपनी का माल चोरी व गबन करने वाला आरोपी गिरफ्तार
x
बड़ी खबर
Noida. नोएडा। नोएडा के थाना सेक्टर-63 क्षेत्र में पुलिस ने कंपनी के माल की चोरी और गबन के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे और उसकी निशानदेही पर करीब 15 लाख रुपए मूल्य का धागा और थ्रेड कटर बरामद किया है। यह कार्रवाई मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के जरिए की गई। पुलिस के अनुसार, थाना सेक्टर-63 की पुलिस टीम ने सोमवार को कंपनी के माल की चोरी व गबन के मामले में वांछित चल रहे अभियुक्त धीरज सक्सेना पुत्र राकेश सक्सेना को पुस्ता मोड़, न्यू उस्मानपुर के पास से गिरफ्तार किया। अभियुक्त की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके पास से और उसकी निशानदेही पर बड़ी मात्रा में चोरी और गबन किया गया माल बरामद किया।
बरामद सामान में 16 बोरे विभिन्न आर्टिकल नंबर के धागे, 116 पेटियां विभिन्न आर्टिकल नंबर के धागे, 3236 बॉक्स विभिन्न आर्टिकल नंबर के धागे, तीन पारदर्शी पन्नी पैकेट रंगीन धागे तथा छह पेटियां थ्रेड कटर शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, बरामद किए गए सभी सामान की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभियुक्त धीरज सक्सेना पीड़ित कंपनी में फील्ड यूनिट के पद पर कार्यरत था। उसकी जिम्मेदारी ऑर्डर मिलने पर फैक्ट्री से माल उठाकर निर्धारित स्थान तक सुरक्षित रूप से सप्लाई करने की थी। कंपनी के मालिक और प्रबंधन ने उस पर भरोसा किया हुआ था, जिसका उसने गलत फायदा उठाया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि 4 जनवरी को अभियुक्त फैक्ट्री से कंपनी का माल लेकर निकला था, लेकिन उसने माल को तय स्थान पर पहुंचाने के बजाय उसे अपने कब्जे में रख लिया। अभियुक्त ने करीब 300 पेटी सामान का गबन कर लिया। जब काफी समय तक माल गंतव्य तक नहीं पहुंचा तो कंपनी प्रबंधन को शक हुआ। जांच करने पर गबन की पुष्टि हुई, जिसके बाद कंपनी की ओर से थाना सेक्टर-63 में शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर अभियुक्त की तलाश शुरू की थी। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से अभियुक्त की लोकेशन ट्रेस की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि कंपनी मालिक का विश्वास जीतने के बाद उसने लालच में आकर इस वारदात को अंजाम दिया। अभियुक्त ने यह भी खुलासा किया कि चोरी और गबन किया गया कुछ सामान उसने एक कबाड़ी को बेच दिया था। पुलिस अब उस कबाड़ी की तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में आगे की जांच जारी है। बरामद माल के आधार पर यह भी जांच की जा रही है कि इस गबन में कोई अन्य व्यक्ति या गिरोह तो शामिल नहीं था। पुलिस का दावा है कि मामले से जुड़े सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Next Story