
x
मर्डर
Uttar Pradesh उत्तर प्रदेश: शामली जिले में बुधवार शाम सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां यूट्यूबर और हरियाणवी कलाकार अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जिम से बाहर निकलते ही बाइक सवार बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अचानक हुई इस वारदात से इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस अब मामले की जांच में जुटी है और हमलावरों की तलाश के लिए CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, शामली कोतवाली क्षेत्र में रहने वाले अंकित बालियान रोज की तरह बुधवार शाम जिम गए थे। जिम से बाहर निकलते समय पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने अचानक गोलियां चलानी शुरू कर दीं, जिससे अंकित गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।
फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घायल अंकित बालियान को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हत्या की सूचना मिलते ही उनके परिवार और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई। अंकित बालियान हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री और सोशल मीडिया पर अपनी पहचान बना चुके थे। वह अपने गाने "भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान" से काफी चर्चा में आए थे। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उनके बड़ी संख्या में फॉलोअर्स थे और वह लगातार अपने वीडियो और म्यूजिक प्रोजेक्ट के जरिए लोगों से जुड़े रहते थे।
बताया जा रहा है कि अंकित बालियान शामली के बंतीखेड़ा गांव के रहने वाले थे। वह क्षेत्र में सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय रहते थे। कुछ समय से उनके जिला पंचायत चुनाव की तैयारी करने की भी चर्चा थी। ऐसे में उनकी हत्या के बाद इलाके में राजनीतिक और सामाजिक हलचल भी तेज हो गई है। हालांकि अभी तक हत्या के पीछे की वजह सामने नहीं आ सकी है। पुलिस कई एंगल से मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अंकित की किसी से पुरानी रंजिश थी या फिर हत्या के पीछे कोई अन्य कारण है।
घटना के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज कब्जे में ली है। जांच टीम फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। इसके अलावा पुलिस अंकित बालियान की कॉल डिटेल और घटना से पहले उनकी गतिविधियों की भी जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही वारदात में शामिल आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही हत्या की असली वजह और साजिश में शामिल लोगों का खुलासा हो सकेगा। अंकित बालियान की हत्या ने हरियाणवी संगीत जगत और शामली क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। उनके प्रशंसक सोशल मीडिया पर दुख जताते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
Next Story





