भारत

BREAKING: गांजा तस्कर के घर से 2 करोड़ कैश बरामद, मिश्रा फैमिली गिरफ्तार

Shantanu Roy
9 Nov 2025 8:02 PM IST
BREAKING: गांजा तस्कर के घर से 2 करोड़ कैश बरामद, मिश्रा फैमिली गिरफ्तार
x
बड़ी खबर
Pratapgarh. प्रतापगढ़। यूपी पुलिस ने शनिवार रात जिले में एक बड़े नशा तस्करी नेटवर्क का खुलासा किया। कुख्यात गांजा तस्कर राजेश मिश्रा के घर छापेमारी के दौरान पुलिस को करीब 2 करोड़ रुपए कैश बरामद हुए हैं। ज्यादातर नोट 20, 50 और 100 रुपए के हैं, जिन्हें तस्करों ने पॉलिथिन, झोले और बोरियों में भरकर घर के अलग-अलग हिस्सों में छिपा रखा था। जब कैश गिनने की बारी आई, तो पुलिस को चार गिनती मशीनें मंगानी पड़ीं। इसके अलावा, मौके से गांजा और स्मैक की भारी मात्रा भी मिली है।

छापेमारी प्रतापगढ़ शहर के कोतवाली क्षेत्र में स्थित मिश्रा परिवार के घर पर की गई। पुलिस को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि जेल में बंद राजेश मिश्रा का परिवार बाहर से उसके नशे के कारोबार को चला रहा है। शुक्रवार देर रात एसपी की निगरानी में गठित विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए मिश्रा परिवार के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान घर के बेडरूम, रसोई, और स्टोर रूम में रखी बोरियों, डिब्बों और प्लास्टिक बैग से नोटों के बंडल निकले। पुलिस ने मौके से राजेश मिश्रा की पत्नी रीना मिश्रा, बेटी कोमल मिश्रा, बेटा विनायक मिश्रा, भतीजे यश मिश्रा और अजीत मिश्रा को गिरफ्तार किया है। सभी से पूछताछ जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह परिवार नशे की तस्करी से जुड़ा पूरा नेटवर्क संचालित कर रहा था।

आरोपी राजेश मिश्रा पिछले छह महीने से जेल में बंद है। लेकिन उसने अपनी पत्नी और बच्चों के जरिए कारोबार को जारी रखा था। पुलिस के अनुसार, जब टीम ने घर में प्रवेश किया तो परिवार के सदस्यों ने कैश के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। लेकिन तलाशी के दौरान अलमारी और बिस्तरों के नीचे रखी बोरियों से नोटों के बंडल मिलने लगे। जांच टीम के अनुसार, बरामद कैश लगभग 1 करोड़ 96 लाख रुपए है, जिसका सटीक हिसाब नोट गिनती मशीनों से लगाया जा रहा है। इसके अलावा करीब 4 किलो गांजा और 500 ग्राम स्मैक भी बरामद की गई है। प्रतापगढ़ के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह छापेमारी एनडीपीएस एक्ट के तहत चल रहे एक बड़े अभियान का हिस्सा थी। मिश्रा गैंग का नेटवर्क प्रयागराज, सुल्तानपुर और अमेठी तक फैला हुआ है।

अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में पुलिस ने कई जगहों पर दबिश दी है। पुलिस ने यह भी बताया कि राजेश मिश्रा पहले भी कई बार नशे की तस्करी के आरोप में जेल जा चुका है। इस बार उसके परिवार ने ही उसका अवैध व्यापार संभाल रखा था। जांच एजेंसी अब बैंक अकाउंट्स, प्रॉपर्टी और मोबाइल कॉल डिटेल्स की भी जांच कर रही है ताकि पैसे की पूरी श्रृंखला का खुलासा हो सके। पुलिस ने घर को सील कर दिया है और बरामद कैश को बैंक में जमा कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं, गिरफ्तार सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जाएगा। इस बड़ी बरामदगी के बाद जिले में हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से जिले में सक्रिय अन्य मादक पदार्थ तस्करों को भी कड़ा संदेश मिला है कि किसी भी हालत में ऐसे गिरोहों को बख्शा नहीं जाएगा।
Next Story