भारत

BREAKING: फैजान शेख केस में NIA की छापेमारी, घर-घर जाकर पूछताछ, मोबाइल जब्त

Shantanu Roy
17 May 2026 4:26 PM IST
BREAKING: फैजान शेख केस में NIA की छापेमारी, घर-घर जाकर पूछताछ, मोबाइल जब्त
x
बड़ी खबर
Ahmedabad. अहमदाबाद। अहमदाबाद में संदिग्ध आतंकी गतिविधियों के आरोप में पकड़े गए फैजान शेख उर्फ फैजान सलमानी मामले की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने तेज कर दी है। रविवार सुबह एजेंसी की टीम अहमदाबाद के स्वार इलाके में पहुंची और स्थानीय पुलिस-प्रशासन के साथ मिलकर व्यापक जांच अभियान चलाया। टीम ने फैजान शेख और उसके दोस्त मुकीम (17) के घरों पर छापेमारी कर परिजनों से लंबी पूछताछ की और कई अहम सबूत जुटाए।
एनआईए की टीम सुबह करीब साढ़े छह बजे फैजान सलमानी के घर पहुंची और पूरे घर की तलाशी ली। इस दौरान टीम ने घर के हर हिस्से की बारीकी से जांच की और पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई। अधिकारियों ने फैजान के परिवार के सदस्यों से कई घंटों तक पूछताछ की और उसके संपर्कों के बारे में जानकारी एकत्र की। जांच के दौरान फैजान के पिता शकील अहमद सलमानी के मोबाइल फोन की भी जांच की गई। इसके अलावा घर में रखा एक कीपैड मोबाइल फोन एनआईए की टीम अपने साथ लेकर गई। परिवार के अनुसार, घर में एक ही मोबाइल फोन का इस्तेमाल किया जाता था, जिसे पति-पत्नी साझा करते थे।
छापेमारी के समय शकील अहमद घर पर मौजूद नहीं थे। बताया जा रहा है कि वह एक शादी समारोह में खाना बनाने के लिए गए हुए थे। बाद में एनआईए टीम ने उन्हें तुरंत अहमदाबाद पहुंचने के लिए निर्देश दिया। पूछताछ के दौरान परिवार ने यह भी जानकारी दी कि शकील ईद से पहले जेल में बंद अपने बेटे फैजान से मिलने गए थे।
इसी कार्रवाई के दौरान एनआईए टीम के कुछ सदस्य मेन रोड स्थित मुन्ना के घर भी पहुंचे, जहां उन्होंने मुकीम के संबंध में जानकारी जुटाई। मुकीम, जो कि 17 वर्ष का है, फैजान का करीबी दोस्त बताया जा रहा है। टीम ने उसके परिवार से भी कई सवाल पूछे और उसके संपर्कों व गतिविधियों की जानकारी ली। पूरे ऑपरेशन के दौरान एनआईए अधिकारियों ने सभी गतिविधियों को रिकॉर्ड किया और डिजिटल सबूतों की भी जांच की। टीम ने मोबाइल फोन, कॉल डिटेल्स और संभावित संपर्कों के आधार पर नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने की कोशिश की है।
एडिशनल एसपी अनुराग सिंह ने भी पुष्टि की है कि एनआईए की टीम ने इलाके में पहुंचकर जांच की है और दोनों युवकों के परिजनों से पूछताछ की गई है। उन्होंने बताया कि एजेंसी विभिन्न एंगल से मामले की जांच कर रही है और जल्द ही और भी खुलासे हो सकते हैं। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि फैजान और उसके साथी किन लोगों के संपर्क में थे और क्या किसी बड़े नेटवर्क से जुड़े हुए थे। इसी आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। फिलहाल पूरे इलाके में सुरक्षा एजेंसियों की गतिविधियों के बाद हलचल बनी हुई है और मामले को लेकर स्थानीय लोग भी चर्चा में हैं।
Next Story