भारत

BREAKING: MSc छात्रा की गला रेतकर हत्या, ढाबे पर कंबल में लिपटा मिला शव

Shantanu Roy
2 July 2025 11:30 PM IST
BREAKING: MSc छात्रा की गला रेतकर हत्या, ढाबे पर कंबल में लिपटा मिला शव
x
बड़ी खबर
Varanasi. वाराणसी। शहर के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में बुधवार को MSc की पढ़ाई कर रही एक छात्रा की हत्या से सनसनी फैल गई। छात्रा का शव एक स्थानीय ढाबे में कंबल में लिपटा हुआ बरामद किया गया। परिजनों ने हत्या का आरोप छात्रा के दोस्तों और ढाबा संचालक पर लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच तेज़ कर दी है। घटना बुधवार की देर शाम सामने आई। छात्रा सुबह घर से कॉलेज के लिए निकली थी, लेकिन छुट्टी के बाद भी जब वह घर नहीं लौटी, तो चिंतित परिजनों ने थाने में
गुमशुदगी
की सूचना दी। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि सुसवाही इलाके के एक ढाबे में कंबल में लिपटी लाश पड़ी है।

सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने परिजनों को बुलाया। छात्रा के परिवार ने शव की पहचान कर ली। पुलिस ने ढाबे को सील कर इलाके की घेराबंदी की और आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू किया है। परिजनों का आरोप है कि ढाबा संचालक और छात्रा के कुछ दोस्त इस घटना में शामिल हैं। उनका कहना है कि हत्या की साजिश पहले से रची गई थी और इसे ढाबे में अंजाम दिया गया। पुलिस यह जांच कर रही है कि छात्रा ढाबे पर अकेली पहुंची थी या किसी के साथ आई थी।

मिर्जामुराद थाना प्रभारी ने बताया कि “घटना की जांच गंभीरता से की जा रही है। CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही हत्यारों की गिरफ्तारी की जाएगी।” स्थानीय लोगों और छात्रा के कॉलेज मित्रों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि छात्रा और ढाबा संचालक के बीच कोई पूर्व विवाद तो नहीं था। यह मामला वाराणसी में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस अधिकारियों ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
Next Story