भारत

BREAKING: Minister निर्मला सीतारमण के विमान की कराई इमरजेंसी लैंडिंग

SHIDDHANT
30 Oct 2025 11:34 PM IST
BREAKING: Minister निर्मला सीतारमण के विमान की कराई इमरजेंसी लैंडिंग
x
मौसम ख़राब
Siliguri सिलीगुड़ी। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के विमान की गुरुवार को भूटान जाते समय खराब मौसम के कारण बागडोगरा एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। जानकारी के अनुसार, आसमान में कम दबाव और भारी बारिश की स्थिति के चलते यह कदम उठाया गया। वित्त मंत्री का विमान दोपहर में भूटान के लिए रवाना हुआ था, लेकिन रास्ते में मौसम बिगड़ने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से विमान को पश्चिम बंगाल के बागडोगरा हवाई अड्डे पर उतारा गया। फिलहाल सीतारमण को सिलीगुड़ी में ही ठहराया गया है और वह रात भर वहीं रुकेंगी।
शुक्रवार को भूटान रवाना होंगी सीतारमण
प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, अगर मौसम में सुधार हुआ तो सीतारमण शुक्रवार सुबह फिर से भूटान के लिए उड़ान भरेंगी। बता दें कि वित्त मंत्री 30 अक्टूबर से 2 नवंबर 2025 तक भूटान की आधिकारिक यात्रा पर हैं, जहां वह भारत के आर्थिक मामलों के विभाग के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रही हैं। सीतारमण को आज ऐतिहासिक सांगचेन चोखोर मठ के दौरे से अपनी यात्रा की शुरुआत करनी थी। यह मठ वर्ष 1765 में स्थापित हुआ था और आधुनिक बौद्ध अध्ययन से जुड़े 100 से अधिक भिक्षुओं का निवास स्थान है।
भूटान नरेश और प्रधानमंत्री से होने थी मुलाकात
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की मुलाकात भूटान नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक और प्रधानमंत्री दाशो शेरिंग तोबगे से निर्धारित थी। इसके अलावा वह भूटान के वित्त मंत्री लेके दोरजी के साथ द्विपक्षीय बैठक करने वाली थीं, जिसमें भारत-भूटान के आर्थिक एवं वित्तीय सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा होनी थी। सीतारमण भूटान में भारत सरकार के सहयोग से चल रही कई विकास परियोजनाओं का निरीक्षण, कुटीर एवं लघु उद्योग (CSI) बाजार का दौरा और UPI आधारित डिजिटल भुगतान प्रणाली की प्रगति का भी जायजा लेने वाली थीं।
अब विमान की इमरजेंसी लैंडिंग के बाद उनके भूटान दौरे के कार्यक्रमों में फेरबदल किया जा रहा है।
Next Story