भारत

BREAKING: बॉक्स फैक्ट्री में लगी भीषण आग, लपटों ने मचाई तबाही

Shantanu Roy
19 Oct 2025 11:28 PM IST
BREAKING: बॉक्स फैक्ट्री में लगी भीषण आग, लपटों ने मचाई तबाही
x
बड़ी खबर
Chandigarh. चंडीगढ़। दीपावली से पहले चंडीगढ़ और लुधियाना में दो भीषण अग्निकांड की घटनाओं से हड़कंप मच गया। चंडीगढ़ के डड़्बा इलाके में एक बॉक्स बनाने वाली फैक्ट्री में शनिवार को भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें देखते ही देखते आसमान छूने लगीं और फैक्ट्री परिसर के साथ आस-पास के घरों तक धुआं फैल गया। दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने में जुट गईं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, फैक्ट्री में बॉक्स बनाने का काम होता है और वहां बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री रखी गई थी। जैसे ही आग लगी, मजदूर और आसपास के लोग अपनी जान बचाने के लिए भागने लगे। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।

लोगों ने बताया कि लपटें इतनी भयावह थीं कि कुछ ही मिनटों में फैक्ट्री की पूरी इमारत आग की चपेट में आ गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। आग बुझाने के लिए शहर की करीब आधा दर्जन दमकल गाड़ियों को लगाया गया। हालांकि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की संभावना जताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि अब तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। मौके पर पहुंची पुलिस ने इलाके को घेर लिया है और किसी भी अनहोनी की आशंका को देखते हुए आसपास के घरों को खाली करा दिया गया। पुलिस और फायर विभाग की संयुक्त टीम ने राहत कार्य शुरू कर दिया है। इस दौरान फायर ऑफिसर ने बताया कि आग को पूरी तरह बुझाने में कई घंटे लग सकते हैं क्योंकि फैक्ट्री में मौजूद सामग्री आग को भड़काने का काम कर रही है।

लुधियाना में भी धधकी आग — कपड़े का गोदाम जलकर राख
वहीं दूसरी ओर, लुधियाना के ताजपुर गांव में स्थित एक कपड़े के गोदाम में भी शनिवार को भीषण आग लग गई। यह इलाका घनी आबादी वाला है, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। आग इतनी भीषण थी कि गोदाम में रखे कई टन कपड़ों का वेस्ट पूरी तरह जलकर राख हो गया। आसपास के घरों में दरारें आ गईं और कई खिड़कियों के शीशे तक टूट गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगते ही लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और अपने कीमती सामान को बचाने की कोशिश करने लगे। कुछ घरों में आग की लपटें पहुंचने लगी थीं, जिसे देख लोग घबरा गए। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 6 से 7 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का अभियान शुरू किया।

फायरमैन पवन कुमार ने बताया कि उन्हें दोपहर करीब एक बजे आग लगने की सूचना मिली। उन्होंने कहा, “हमारी टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। अब तक 6-7 टैंकर पानी इस्तेमाल हो चुके हैं, और अतिरिक्त गाड़ियां भी मौके पर बुलाई गई हैं। उम्मीद है कि जल्द ही आग को पूरी तरह बुझा लिया जाएगा।” आग लगने के कारणों की जांच के लिए पुलिस और दमकल विभाग ने संयुक्त जांच शुरू की है। प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग का संभावित कारण बताया जा रहा है, हालांकि सटीक वजह की पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। इन दोनों घटनाओं ने त्योहार से पहले प्रशासन की सुरक्षा तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अग्निशमन विभाग ने अपील की है कि दीपावली के दौरान लोग पटाखों और विद्युत उपकरणों का सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करें, ताकि ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।
Next Story