भारत

BREAKING: तेज रफ्तार बोलेरो ट्रेलर से टकराई, हादसे में चार की मौत

SHIDDHANT
3 Nov 2025 12:00 AM IST
BREAKING: तेज रफ्तार बोलेरो ट्रेलर से टकराई, हादसे में चार की मौत
x
Jodhpur जोधपुर: जिले के फलोदी में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने चार परिवारों को मातम में डुबो दिया। भारत माला रोड पर रिडमलसर चोतीणा सरहद के पास बोलेरो और ट्रेलर की भीषण भिड़ंत में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे का मंजर इतना भयानक था कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि बोलेरो तेज रफ्तार में आ रही थी और सामने से आ रहे ट्रेलर से सीधी टक्कर हो गई। टक्कर की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। भोजासर थाना पुलिस ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू शुरू किया। गाड़ी में फंसे शवों को लोगों की मदद से बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए फलोदी अस्पताल भेजा गया।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि हादसे में मारे गए सभी चार लोग झुंझुनूं जिले के रहने वाले थे। वे निजी काम से फलोदी आए थे और लौटते वक्त यह हादसा हुआ। पुलिस ने मृतकों की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही बताई जा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि भारत माला रोड पर लगातार हादसे हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा। इस रोड पर रात के समय भारी वाहनों की तेज रफ्तार और पर्याप्त रोशनी की कमी के कारण कई जानें जा चुकी हैं। लोगों ने सड़क पर ट्रैफिक नियमों के पालन और गति-नियंत्रण के उपायों की मांग की है।
गौरतलब है कि कुछ ही समय पहले इसी भारत माला रोड पर एक और भीषण हादसा हुआ था, जिसमें 15 श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी। वह हादसा भी एक खड़े ट्रेलर से ट्रैवलर की टक्कर के कारण हुआ था। इस प्रकार, एक ही मार्ग पर दो बड़े हादसों में कुल 19 लोगों की मौत हो चुकी है, जिससे क्षेत्र में भय और आक्रोश व्याप्त है। भोजासर थाना पुलिस ने ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वाहन को जब्त कर लिया गया है और हादसे के सटीक कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल मृतकों के शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपे जाएंगे।
Next Story