भारत

BREAKING: घर से 200 मीटर दूर खेत में मिली बच्ची की लाश, रेप की आशंका

Shantanu Roy
4 Oct 2024 12:57 PM GMT
BREAKING: घर से 200 मीटर दूर खेत में मिली बच्ची की लाश, रेप की आशंका
x
जांच में जुटी पुलिस
Prayagraj. प्रयागराज। प्रयागराज में 10 साल की बच्ची की हत्या कर दी गई। 16 घंटे से लापता थी। शुक्रवार सुबह 10 बजे घर से 200 मीटर दूर धान के खेत में शव मिला। शरीर पर कपड़े नहीं थे। गांव वालों ने रेप के बाद हत्या की आशंका जताई है। पूरा मामला सोरावं थाने के एक गांव का है। बच्ची के शव मिलने की सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिंक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस की मुताबिक, बच्ची के सिर और हाथ में चोट के निशान हैं। घटनास्थल से कई साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस
CCTV
भी खंगाल रही है।

परिजनों के मुताबिक- बच्ची शाम को साढ़े 6 बजे घर से दवा लेने के लिए निकली थी। काफी देर बाद जब वह नहीं लौटी, तो पहले घर में पूछताछ की। मगर कुछ पता नहीं चला। इसके बाद हम लोग पूरे गांव में खोजने लगे, लेकिन किसी ने कोई जानकारी नहीं दी। रिश्तेदारों को भी फोन किया। मगर उन्होंने भी बच्ची के बारे में जानकारी से इनकार कर दिया। खोजते-खोजते जब गांव लौटे तो एक गांव वाले ने बताया कि तुम्हारी बेटी तो दुर्गा पंडाल देखने गई है। हम लोग दुर्गा पंडाल में भी बेटी को खोजने गए, लेकिन वहां भी नहीं मिली। थक हारकर घर आ गए।

परिजनों ने मुताबिक- हम लोग सुबह-सुबह बेटी की गुमशुदगी दर्ज कराने निकलने वाले थे कि कुछ गांव के लोग पहुंचे। कहा- थोड़ी दूर पर एक लाश मिली है। हम लोग वहां पहुंचे। देखा तो धान के खेत के पास काफी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ लगी है। वहां बेटी का शव पड़ा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया- बच्ची के सिर और हाथ पर चोट के निशान थे। उसके साथ जरूर गलत काम किया गया होगा। मामा ने बताया- बच्ची के शरीर पर कपड़े नहीं थे। पुलिस ने चेहरा नहीं देखने दिया। चेहरा धान से ढका था। सिर पर चोट लग थी। वहीं, ईंट भी पड़ी थी। पुलिस ने हमें वहां नहीं जाने दिया। मामा ने बताया बच्ची क्लास-2 में पढ़ती है।

वह तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर थी। भाई बड़ा है। उन्होंने बताया- बच्ची के पिता को स्पाइनल की परेशानी है। रोज इंजेक्शन लगता है। बच्ची इंजेक्शन लेने के लिए मेडिकल स्टोर गई थी। DCP कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया- शुक्रवार की सुबह साढ़े 10 बजे सूचना मिली कि सोरावं के एक गांव में धान के खेत में एक बच्ची का शव मिला। परिजनों की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया है।परिजनों ने बताया-बच्ची गुरुवार की शाम साढ़े 6 बजे दवा लेने गई थी और तभी से लापता थी। प्रथम दृष्टया हाथ और सिर पर डंडे से चोट के निशान हैं। घटना के खुलासे को टीम लगा दी गई है। जल्द पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
Next Story