
x
आजम खान की रिहाई पर सस्पेंस
रामपुर। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम की जेल से संभावित रिहाई से पहले शनिवार शाम बड़ा घटनाक्रम सामने आया। प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम अचानक रामपुर जिला जेल पहुंच गई। इसके बाद जेल परिसर के बाहर हलचल तेज हो गई। दोनों नेताओं की रिहाई की उम्मीद में समर्थक भी बड़ी संख्या में जेल के बाहर जुटने लगे। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
दरअसल, इलाहाबाद हाईकोर्ट ने दो पैन कार्ड मामले में आजम खान और अब्दुल्ला आजम की सजा निलंबित करते हुए जमानत मंजूर की थी। हालांकि, अदालत ने दोषसिद्धि पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था। इसके बाद दोनों की रिहाई के लिए कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही थीं।
आजम खान के अधिवक्ता नासिर सुल्तान के अनुसार, शनिवार को संबंधित मामलों में रिहाई के परवाने जारी होने की प्रक्रिया पूरी की गई। इसी बीच ED की टीम जेल पहुंचने से चर्चाएं तेज हो गईं। हालांकि, टीम के पहुंचने का तत्काल आधिकारिक कारण स्पष्ट नहीं हो सका।
गौरतलब है कि ED जौहर ट्रस्ट और जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े वित्तीय लेनदेन तथा मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों की जांच कर रही है। इससे पहले भी एजेंसी आजम खान से जेल में पूछताछ कर चुकी है। फिलहाल आजम खान और अब्दुल्ला आजम की रिहाई को लेकर समर्थकों की नजर जेल प्रशासन और आगे की कानूनी प्रक्रिया पर टिकी हुई है। ED के जेल पहुंचने से रिहाई प्रभावित होगी या नहीं, इस संबंध में आधिकारिक स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।
Next Story





