भारत
BREAKING: बदमाशों की गाड़ी नहर में गिरी, करंट लगने से सिपाही की दर्दनाक मौत
Shantanu Roy
18 May 2025 6:34 PM IST

x
देखें वीडियो...
Bijnor. बिजनौर. बिजनौर में बदमाश को बचाने के लिए सिपाही नहर में कूद गया। करंट लगने से उसकी मौत हो गई। हुआ यूं कि शुक्रवार रात पुलिस टीम ने बदमाशों की कार को घेर लिया। पुलिस को देखते ही बदमाश फायरिंग करते हुए भागने लगे। इसी दौरान कार बिजली के पोल से टकराकर नहर में गिर गई। यह देखकर बदमाशों का पीछा कर रहे पुलिसकर्मी भी नहर में कूद गए। बिजली का पोल नहर में गिरा था, इसलिए उसमें करंट आ रहा था। करंट से एक बदमाश और दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। साथी पुलिसकर्मियों ने तीनों को नहर से किसी तरह निकाला।
Warning Disturbing Content ⚠️
— Sagar Kumar “Sudarshan News” (@KumaarSaagar) May 18, 2025
उत्तरप्रदेश के बिजनौर में बदमाशों की गाड़ी बिजली का खंबा तोड़ते हुए नहर के अंदर गिर गई।
जाबाँज पुलिस कर्मी भी बदमाशों को पकड़ने के लिए नहर के अंदर कूद गए,लेकिन अचानक करंट लगने से सिपाही मनोज की मृत्यु हो गई। pic.twitter.com/kMVPvp1gvl
आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई। घटना के दौरान तीन बदमाश फरार हो गए थे। शनिवार सुबह पुलिस ने एक बदमाश चंद्रभान को गिरफ्तार कर लिया। घटना शुक्रवार रात करीब 9 बजे की है। कोतवाली शहर क्षेत्र के चक्कर चौराहे पर स्विफ्ट कार में सवार 4 बदमाशों ने एक ट्रक ड्राइवर के साथ मारपीट की और फायरिंग कर दी। सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने बदमाशों को घेर लिया। इसके बाद बदमाशों ने फिर से फायरिंग शुरू कर दी।
बदमाश नगीना रोड की तरफ भागने लगे। उन्होंने अचानक कार को गंज राजवाहा की तरफ मोड़ दिया। कार बेकाबू होकर हाईटेंशन लाइन के बिजली के खंभे से टकराई और फिर नहर में गिर गई।तीन बदमाश कार गिरते ही फरार हो गए। एक बदमाश हीमपुर दीपा गांव निवासी नीरज कार में फंस गया। उसे बचाने के लिए दो पुलिसकर्मी मनोज कुमार और गंगाराम नहर में कूद गए। टक्कर से बिजली का पोल टूटकर नहर में गिर गया। इससे नहर में करंट उतर गया था। मनोज और गंगाराम, नीरज को कार से किसी तरह से निकाला। उसे लेकर बाहर आ रहे थे, तभी करंट की चपेट में आ गए।
राहगीरों और आसपास के लोगों ने शोर मचाया। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को नहर से बाहर निकाला। तीनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां इलाज के दौरान सिपाही मनोज कुमार की मौत हो गई। देर रात मनोज के शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। शनिवार सुबह पुलिस लाइन में सिपाही मनोज कुमार को सलामी दी गई। पुलिस अधीक्षक बिजनौर ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद मनोज के शव को उनके गांव बागपत के लिए रवाना कर दिया गया।
मनोज कुमार 2016 बैच के सिपाही थे। वह बागपत जिले के हेवा गांव के रहने वाले थे। उनके परिवार में एक 5 साल का बेटा है। मृतक सिपाही मनोज के दो बड़े भाई हैं। मनोज के बड़े भाई प्रवीण सीआईएसएफ में तैनात हैं। वहीं दूसरा भाई विपिन बिजवाड़ा, बागपत इंटर कॉलेज में टीचर है। मनोज के पिता वीरेंद्र सिंह हैं। मनोज किसान परिवार से थे। सिपाही गंगाराम की हालत गंभीर बनी हुई है। एसपी सिटी संजू बाजपेई ने बताया- बदमाशों को पकड़ने के प्रयास में सिपाही मनोज और गंगाराम घायल हो गए थे। बदमाश नीरज से पूछताछ की जा रही है। अन्य फरार बदमाशों की तलाश जारी है।
Next Story





