भारत

BREAKING: सूरवाल बांध में नाव पलटी, कार बहने से युवक की मौत

Shantanu Roy
22 Aug 2025 9:26 PM IST
BREAKING: सूरवाल बांध में नाव पलटी, कार बहने से युवक की मौत
x
देखें VIDEO...
Sawai Madhopur. सवाई माधोपुर। राजस्थान का सवाई माधोपुर जिला इन दिनों कुदरत के कहर से जूझ रहा है। मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। इसी बीच सूरवाल बांध पर बड़ा हादसा हो गया। बांध में लोगों से भरी एक नाव अचानक पलट गई। बताया गया कि नाव में करीब 10 लोग सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और तीन लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया। बाद में बचाव दल ने 8 लोगों को बचाने में सफलता पाई। हालांकि, दो लोगों की तलाश के लिए एनडीआरएफ (NDRF) की टीम को मौके पर बुलाया गया है।
बांध की चादर के बहाव में आई नाव
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह हादसा तब हुआ जब नाव अचानक बांध की चादर यानी पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गई। नाव असंतुलित होकर पलट गई, जिससे सवार लोग पानी में जा गिरे। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल रस्सियों और ट्यूबों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया।


कार नाले में बह गई, एक की मौत
इसी बीच खंडार रोड पर कुशाली दर्रा नाले में एक और हादसा हो गया। पानी के तेज बहाव में एक बलेनो कार बह गई। कार में 4-5 लोग सवार थे, जो मध्य प्रदेश के शिवपुरी के बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने उन्हें रोकने की कोशिश भी की, लेकिन उन्होंने अनसुना कर गाड़ी पानी में उतार दी। देखते ही देखते कार बहाव में बह गई। घटना की जानकारी मिलते ही रावजना डूंगर थाना पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। कार को बाहर निकाला गया, लेकिन उसमें से एक युवक का शव बरामद हुआ। बाकी 3-4 लोगों की तलाश जारी है। पुलिस उनके परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है।
रेलवे लाइन और स्टेशन पानी में डूबे
तेज बारिश का असर सड़क और नदियों के अलावा रेलवे पर भी देखने को मिला। सवाई माधोपुर रेलवे स्टेशन पूरी तरह से पानी में डूब गया। ट्रैक पर डेढ़ से दो फीट तक पानी भर जाने के कारण दिल्ली-मुंबई रेलवे लाइन पर ट्रेनों की गति थम गई। ट्रेनें जहां फर्राटा भरती थीं, वहां अब पानी में रेंग रही हैं। यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे कर्मचारी पानी में उतरकर ट्रेनों को रास्ता दिखाने का काम कर रहे हैं।
सैकड़ों गांवों का संपर्क कटा
बारिश ने जिले के सैकड़ों गांवों में तबाही मचा दी है। कई इलाकों में दो से तीन फीट तक पानी भर गया है। घरों में रखा घरेलू सामान बह गया। नेशनल हाईवे-552 पर बनी उघाड़ पुलिया दोबारा टूट गई है, जिससे खंडार उपखंड क्षेत्र का जिला मुख्यालय से संपर्क कट गया है। यही नहीं, राजस्थान और मध्य प्रदेश का सड़क संपर्क भी टूट गया है।
नदियां और नाले उफान पर
चंबल, बनास, गलवा, मोरल और गंभीरा जैसी नदियां और नाले उफान पर हैं। रणथंभौर के पहाड़ों से आ रहा पानी हालात को और भी बिगाड़ रहा है। प्रशासन ने लोगों से घरों में सुरक्षित रहने और नदियों-नालों के पास न जाने की अपील की है। मौसम विभाग ने पहले ही जिले में भारी बारिश की चेतावनी दी थी। अब हालात बिगड़ने के बाद प्रशासन अलर्ट पर है। कई इलाकों में राहत और बचाव कार्य जारी है। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें लगातार मोर्चा संभाले हुए हैं।
Next Story