भारत
BREAKING: सरकारी नौकरी का झांसा देकर महिलाओं और वकीलों से ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
Shantanu Roy
22 Aug 2025 9:08 PM IST

x
पुलिस ने किया बड़ा खुलासा
New Delhi. नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की साइबर सेल ने एक ऐसे ठग को गिरफ्तार किया है, जो सोशल मीडिया पर सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर लोगों से ठगी कर रहा था। आरोपी की पहचान गाजियाबाद के विजय नगर निवासी सागर सिंह उर्फ मनु के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी अब तक कई लोगों को अपना शिकार बना चुका है और हाल ही में उसने एक महिला वकील से 3 लाख 34 हजार रुपये की ठगी की थी।
सोशल मीडिया के जरिये करता था शिकार
पुलिस को दी गई जानकारी के मुताबिक, विवेक विहार की रहने वाली शिखा तिवारी ने जून 2025 में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उन्हें फेसबुक पर एक प्रोफाइल से सरकारी नौकरी का ऑफर मिला। यह प्रोफाइल उनकी परिचित महिला वकील विजय लक्ष्मी का था। जांच में सामने आया कि आरोपी ने विजय लक्ष्मी का अकाउंट हैक कर लिया था और उसी का इस्तेमाल ठगी के लिए कर रहा था।
प्रोसेसिंग फीस के नाम पर रकम ऐंठी
सागर सिंह ने शिखा तिवारी को शिक्षा विभाग और महिला आयोग में नौकरी दिलाने का झांसा दिया। उसने नौकरी की प्रोसेसिंग फीस और अन्य औपचारिकताओं के नाम पर 22,300 रुपये वसूले। जब पीड़िता ने आगे की प्रक्रिया के बारे में जानकारी मांगी तो आरोपी टालमटोल करने लगा और बाद में संपर्क से बचने लगा।
महिला वकील से की लाखों की ठगी
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने केवल शिखा तिवारी को ही नहीं, बल्कि महिला वकील विजय लक्ष्मी को भी निशाना बनाया था। उसने विजय लक्ष्मी से 3 लाख 34 हजार रुपये ठगे। यही नहीं, उनके फेसबुक अकाउंट को हैक कर अन्य लोगों तक भी पहुंच बनाई और सरकारी नौकरी का लालच देकर रकम ऐंठी।
बैंक और मोबाइल से मिले सुराग
ठगी से जुड़ा पैसा पंजाब नेशनल बैंक के उस खाते में जमा कराया गया, जो आरोपी के नाम पर ही था। इसके अलावा, जो मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी इस्तेमाल किए जा रहे थे, वे भी आरोपी के नाम पर पंजीकृत पाए गए। इससे पुलिस को आरोपी तक पहुंचने में आसानी हुई।
बड़े अधिकारियों से संबंध होने का झांसा
पूछताछ में सागर सिंह ने कबूल किया कि वह इंटरनेट पर मंत्रालयों और दिल्ली सरकार से जुड़ी भर्तियों की जानकारी जुटाता था। इसके बाद वह पीड़ितों को विश्वास दिलाता कि उसके बड़े अधिकारियों से संबंध हैं और वह मनचाही नौकरी दिला सकता है। कभी-कभी वह खुद को वरिष्ठ अधिकारी बताकर कॉल करता और जैसे ही लोग झांसे में आकर पैसे जमा करते, वह उनसे संपर्क तोड़ देता।
पुलिस जांच में पुराने मामले भी सामने आए
दिल्ली पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि सागर सिंह कोई नया अपराधी नहीं है। वह पहले भी ठगी के कई मामलों में शामिल रहा है। साइबर सेल अब उससे पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि उसने अब तक कितने लोगों से ठगी की है। पुलिस का मानना है कि यह एक संगठित तरीके से काम करने वाला गिरोह भी हो सकता है, जिसकी जानकारी जल्द सामने आ सकती है।
Tagsजनता से रिश्ता न्यूज़जनता से रिश्ताआज की ताजा न्यूज़हिंन्दी न्यूज़भारत न्यूज़खबरों का सिलसिलाआज की ब्रेंकिग न्यूज़आज की बड़ी खबरमिड डे अख़बारहिंन्दी समाचारजनताJanta Se Rishta NewsJanta Se RishtaToday's Latest NewsHindi NewsIndia NewsKhabron Ka SilsilaToday's Breaking NewsToday's Big NewsMid Day Newspaperjantasamachar newssamacharHindi news
Next Story





