
x
5 आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े
आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा पुलिस कमिश्नरेट ने बस से व्यापारी की चांदी चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। थाना रकाबगंज और सर्विलांस सेल नगर जोन की संयुक्त टीम ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 16 किलो 365 ग्राम सफेद धातु के आभूषण, एक चांदी की सिल्ली, दो लग्जरी कारें, चार मोबाइल फोन और 49 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
एडीसीपी मनोज कुमार ने बताया कि आजमगढ़ निवासी चंदन सिंह ने थाना रकाबगंज में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, 26 अगस्त को आगरा से वाराणसी के लिए छह कट्टों में चांदी भेजी गई थी। अगले दिन सामान पहुंचने पर दो कट्टे गायब मिले, जिनमें लगभग 48 किलो चांदी रखी थी।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। इस दौरान बैद्यनाथ नामक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, बैद्यनाथ पहले संजय ट्रैवलर्स एजेंसी में काम कर चुका था। उसे जानकारी थी कि एजेंसी की बसों से कीमती सामान भेजा जाता है।
आरोप है कि बैद्यनाथ ने अपने साथियों के साथ मिलकर बस की रेकी की। आरोपी कार से बस का पीछा करते हुए इटावा तक पहुंचे। रात में बस चालक जब ढाबे पर खाना खाने रुके, तब आरोपियों ने सीट के नीचे रखे चांदी के दो कट्टे निकालकर अपनी गाड़ी में रख लिए और फरार हो गए।
पुलिस ने बैद्यनाथ से पूछताछ के आधार पर चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में चार मध्य प्रदेश और एक राजस्थान का निवासी है। एडीसीपी ने बताया कि गिरोह के सरगना महिंदर के खिलाफ चोरी के 16 मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ में कुछ अन्य लोगों और सराफा कारोबारियों के नाम भी सामने आए हैं, जिन्हें चोरी की चांदी दिए जाने की बात कही गई है। पुलिस अब इन लोगों की तलाश कर रही है और शेष चोरी की चांदी बरामद करने का प्रयास जारी है।
Next Story





