भारत

Breaking: 800 फ़ीट गहरे बोरवेल में गिरी 4 साल की मासूम, प्रशासन ने चंद घंटो में निकाला

Shantanu Roy
10 Jun 2024 5:32 PM GMT
Breaking: 800 फ़ीट गहरे बोरवेल में गिरी 4 साल की मासूम, प्रशासन ने चंद घंटो में निकाला
x
बड़ी खबर
Sikar. सीकर। सीकर के रींगस में 4 साल की बच्ची खेलते-खेलते बोरवेल में गिर गई। जैसे ही मां को पता चला कि बच्ची अंदर गिर गई है, उसका रो-रो कर बुरा हाल हो गया। परिजनों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों से मदद मांगी। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब 1 घंटे 20 मिनट में बच्ची को सकुशल बाहर निकाल लिया गया। एसडीएम दीपांशु सांगवान ने बताया- रविंद्र कुमार सहरिया आदिवासी निवासी बारां अपने परिवार के साथ रींगस की बालाजी विहार कॉलोनी में किराए के मकान में रहता है। रविंद्र की बेटी परी उर्फ रिया (4) सोमवार शाम को करीब 5.30 बजे घर के बाहर खेल रही थी। खेलते-खेलते वह कॉलोनी के एक बोरवेल में गिर गई।

स्थानीय लोगों से सूचना मिलने पर 10 मिनट बाद ही नगर पालिका की टीम दो जेसीबी, ग्लेंडर मशीन, रस्सी सहित अन्य उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची और बच्ची को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। घटना की जानकारी मिलने पर उनके साथ ही तहसीलदार विवेक कटारिया, नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी हरिनारायण यादव, पटवारी शीशराम चाहर, पुलिस थाना प्रभारी कृष्ण कुमार सहित अनेक अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया- इस बोरवेल की कुल गहराई 800 फीट है। 250 फीट पाइप है और उसके नीचे 550 फीट कच्चा बोरवेल है। गनीमत रही कि बच्ची 5 फीट की गहराई पर ही फंस गई थी। नगर पालिका की टीम ने जेसीबी की मदद से 10 फीट की गहराई तक खुदाई की। इसके बाद ग्लेंडर मशीन से बोरवेल के पाइप को काटा गया। शाम 6 बजकर 50 मिनट पर बच्ची को बोरवेल से बाहर निकाल लिया गया। बच्ची के सकुशल बाहर निकलने पर मौके पर मौजूद लोगों बजरंग बली का जयकारा लगाया।
Next Story