भारत

BREAKING: दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान से 12 लाख की चोरी, CCTV में कैद वारदात

Shantanu Roy
19 April 2026 9:07 PM IST
BREAKING: दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान से 12 लाख की चोरी, CCTV में कैद वारदात
x
बड़ी खबर
Giridih. गिरिडीह। झारखंड के गिरिडीह शहर के कालीबाड़ी चौक के पास स्थित मां रानी ज्वेलर्स में रविवार को दिनदहाड़े बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। ग्राहक बनकर आए एक युवक ने दुकान से करीब 12 लाख रुपये से अधिक मूल्य के सोने के जेवरात चुरा लिए। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसमें आरोपी की हरकतें स्पष्ट रूप से देखी जा सकती हैं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और व्यापारियों में दहशत का माहौल है। पीड़ित दुकान संचालक महेश कुमार, निवासी गद्दी मुहल्ला (नगर थाना क्षेत्र), ने नगर थाना गिरिडीह में लिखित शिकायत देकर मामले की जांच और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना रविवार दोपहर करीब 3 बजे से 3:30 बजे के बीच की है। दुकान संचालक महेश कुमार ने बताया कि एक युवक ग्राहक बनकर दुकान में आया और महिला के लिए लॉकेट दिखाने को कहा। इसी दौरान उसने चालाकी से काउंटर पर रखे जेवरात के डिब्बे से दो पैकेट निकाल लिए। दोनों पैकेट में करीब 50-50 ग्राम सोने के जेवरात थे। बताया जा रहा है कि आरोपी ने बेहद शातिर तरीके से वारदात को अंजाम दिया। जैसे ही उसने जेवरात अपने कपड़ों में छिपाए, संचालक की नजर उस पर पड़ गई। जब तक वह उसे पकड़ पाते, आरोपी दुकान से बाहर निकलकर तेजी से फरार हो गया।
घटना के तुरंत बाद दुकान में अफरा-तफरी मच गई। संचालक और अन्य कर्मचारियों ने आरोपी का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वह भीड़ का फायदा उठाकर गायब हो गया। इसके बाद मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। नगर थाना पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपी की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फुटेज में आरोपी की गतिविधियां साफ दिखाई दे रही हैं, जिसके आधार पर पुलिस उसकी पहचान करने में जुटी हुई है।
नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही टीम को मौके पर भेजा गया है। प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना के बाद शहर के व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि दिनदहाड़े भीड़भाड़ वाले इलाके में इस तरह की घटना होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है। व्यापारियों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अब आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है ताकि आरोपी के भागने के रूट का पता लगाया जा सके। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या यह किसी संगठित गिरोह का हिस्सा है या फिर किसी अकेले व्यक्ति की वारदात है। फिलहाल पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा और चोरी गए सोने की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
Next Story