भारत

नदी में यात्रियों से भरी नाव डूबी, 8 लोग लापता

Subhi
30 Oct 2025 6:46 AM IST
नदी में यात्रियों से भरी नाव डूबी, 8 लोग लापता
x
8 लोग लापता

Uttar Pradesh: कतर्नियाघाट के ट्रांस गेरुआ क्षेत्र में बुधवार देर शाम कौड़ियाला नदी में ग्रामीणों से भरी नाव डूब गई। नाव पर सवार भरथापुर के ग्रामीण खैरटिया बाजार से खरीददारी करके लौट रहे थे। नाव में 22 ग्रामीण सवार थे, जिनमें से 13 लोग तैर कर सुरक्षित निकल आए है, जबकि एक महिला का शव मिला है। 8 अभी लापता हैं।

भरथापुर गांव घने जंगल और गेरुआ नदी के पार स्थित होने के चलते यहां के लोग लखीमपुर खीरी जनपद के खैरटियाबाजार से रोजमर्रा की खरीदारी के लिए नाव से आवागमन करते हैं। बुधवार को गांव के लोग दोपहर में नदी पार कर खैरटिया बाजार गए थे। सभी ग्रामीण खरीदारी कर शाम 5:30 बजे खैरटियाघाट से नाव पर सवार होकर भरथापुर गांव की ओर रवाना हुए। लेकिन नाव जब शाम 6 बजे के आसपास भरथापुर घाट पहुंचने वाली थी तभी दो सौ मीटर पहले अनियंत्रित होकर पलट गई। चीख पुकार मच गई। गांव के लोग दौड़े लेकिन अंधेरा होने के कारण सभी बेबस नजर आए नदी में बहाव भी तेज था।

लगभग आधे घंटे बाद नाव पर सवार लक्ष्मी नारायण पुत्र विसेसर, रानी देवी पत्नी रामाधार, ज्योति पुत्री आनंद कुमार व हरिमोहन पुत्र रामकिशोर तैर कर घटनास्थल से आधा किलोमीटर की दूरी पर जंगल में किनारे पहुंचे। सभी ने किसी तरह घाट पर पहुंचकर चीख चिल्ला रहे एकत्रित ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। सुरक्षित बचकर निकले लक्ष्मी नारायण ने फोन कर सुजौली पुलिस को घटना की जानकारी देते हुए बताया कि नाव में 22 लोग सवार थे। एक बाइक और चार साइकिल भी लदी थी। लक्ष्मी नारायण ने बताया कि वह और तीन अन्य लोग सुरक्षित निकल आए हैं। नाव चालक मिहींलाल पुत्र पुत्तीलाल भी लापता है। इसके बाद गांव के लोगों ने अपने स्तर से बचाव कार्य शुरू किया।

Next Story