भारत
गौतमबुद्ध नगर के 56 केंद्रों पर आज से शुरू हुईं बोर्ड परीक्षाएं, 62 हजार विद्यार्थी होंगे शामिल
jantaserishta.com
17 Feb 2026 2:10 PM IST

x
नोएडा: गौतमबुद्ध नगर जिले में आज से माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाएं कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गईं। जिले के नोएडा और ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में बनाए गए कुल 56 परीक्षा केंद्रों पर करीब 62 हजार विद्यार्थी परीक्षा दे रहे हैं।
परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। सभी केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ सीसीटीवी कैमरों और नाइट विजन कैमरों के जरिए प्रश्न पत्रों की निगरानी की जा रही है। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, परीक्षा केंद्रों पर प्रश्न पत्रों को सुरक्षित स्ट्रांग रूम में रखा गया है, जहां 24 घंटे निगरानी की जा रही है।
नाइट विजन कैमरों के माध्यम से प्रश्न पत्रों की सुरक्षा पर विशेष नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की आशंका न रहे। प्रश्न पत्र वितरण से लेकर कॉपियों के संग्रहण तक हर प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जा रही है। पहले दिन सुबह से ही परीक्षार्थी अपने-अपने केंद्रों पर पहुंचने लगे। केंद्रों के बाहर छात्रों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। प्रवेश से पहले सघन चेकिंग की गई। छात्रों को एडमिट कार्ड और पहचान पत्र दिखाने के बाद ही केंद्र में प्रवेश दिया गया। किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, मोबाइल फोन या अनुचित सामग्री को परीक्षा कक्ष में ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है।
प्रशासन की ओर से प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। इसके अलावा उड़नदस्ता दल भी लगातार निरीक्षण कर रहा है। सुरक्षा के मद्देनजर स्थानीय पुलिस के साथ पीएसी के जवान भी संवेदनशील केंद्रों पर तैनात किए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि बोर्ड परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना प्राथमिकता है। सभी केंद्र व्यवस्थापकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि आगामी दिनों में भी परीक्षाएं सुचारु रूप से संपन्न होंगी और विद्यार्थी बिना किसी परेशानी के परीक्षा दे सकेंगे।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





