
x
शादी में वारदात
Saharanpur. सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में साली की शादी में शामिल होने पहुंचे एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी की हत्या करने का आरोप लगा है। नानौता थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद आरोपी ने कथित तौर पर उस्तरे से पत्नी के गले पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला की अस्पताल में मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने भी उसी उस्तरे से अपनी गर्दन पर वार कर जान देने की कोशिश की।
मृतका की पहचान 30 वर्षीय गजाला के रूप में हुई है। उसकी शादी करीब 14 साल पहले कैराना निवासी 33 वर्षीय इरफान से हुई थी। परिजनों के मुताबिक, दंपती की कोई संतान नहीं थी और इस बात को लेकर दोनों के बीच पहले भी विवाद होता था। हालांकि, पुलिस घटना की वास्तविक वजह की जांच कर रही है।
गजाला की बहन नीलोफर की शादी 21 सितंबर को हुई थी। इसी शादी में शामिल होने के लिए इरफान पत्नी के साथ नानौता स्थित उसके मायके आया था। गुरुवार को गजाला घर की ऊपरी मंजिल पर अपने भाई के कपड़े बैग में रख रही थी। इसी दौरान इरफान वहां पहुंचा और दोनों के बीच कथित तौर पर कहासुनी हो गई।
परिजनों का आरोप है कि विवाद के दौरान इरफान ने उस्तरे से गजाला के गले पर हमला कर दिया। चीख सुनकर परिवार के लोग कमरे की ओर दौड़े। इसके बाद इरफान ने खुद की गर्दन पर भी वार कर लिया। दोनों को सीएचसी नानौता ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने गजाला को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल इरफान को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Next Story





