
x
पूजा के दौरान ट्रिपल मर्डर पत्नी और दो पंडितों की गई जान
Azamgarh. आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में पूजा के दौरान हुई गोलीबारी में तीन लोगों की मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अहरौला थाना क्षेत्र के शंभूपुर गांव में मंगलवार शाम एक घर में पूजा चल रही थी। इसी दौरान कथित तौर पर हुए विवाद के बाद घर के मालिक अरविंद सिंह ने फायरिंग कर दी। गोली लगने से उसकी पत्नी बबीता और पूजा कराने आए दो पंडितों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक अरविंद सिंह के घर में मंगलवार शाम पूजा का आयोजन किया गया था। घर में चार पंडित पूजा कराने पहुंचे थे। इस दौरान अरविंद की पत्नी बबीता के साथ उसके बेटा-बेटी भी घर में मौजूद थे। शाम करीब छह बजे अरविंद बाजार से वापस घर पहुंचा। घर में पूजा होते देखकर उसने वहां मौजूद पंडितों से पूछताछ शुरू की। बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान अरविंद ने पंडितों से आधार कार्ड दिखाने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि अरविंद कथित तौर पर घर में रखी पिस्टल निकाल लाया और फायरिंग शुरू कर दी।
अचानक हुई गोलीबारी से घर में अफरा-तफरी मच गई। गोली लगने से अरविंद की पत्नी बबीता और दो पंडित गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों की घटनास्थल पर ही मौत होने की जानकारी सामने आई है। मृत पंडितों में से एक की पहचान महेंद्र पाठक के रूप में बताई गई है। दूसरे मृतक की पहचान से जुड़ी विस्तृत जानकारी का इंतजार है। घटना के दौरान घर में मौजूद अन्य पंडित गोली चलने के बाद वहां से भाग निकले। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे और पुलिस को वारदात की सूचना दी। इसके बाद पुलिस अधिकारी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की।
प्रारंभिक जानकारी में पिस्टल के अलावा राइफल से भी एक गोली चलाए जाने की बात सामने आई है। हालांकि वारदात में कितने हथियारों का इस्तेमाल किया गया और किस हथियार से कितनी गोलियां चलाई गईं, इसकी आधिकारिक पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस घटनास्थल से हथियार और अन्य फॉरेंसिक साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही घटना के समय घर में मौजूद लोगों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम को समझने का प्रयास किया जा रहा है। शुरुआती तौर पर आधार कार्ड मांगने को लेकर विवाद की बात सामने आई है, लेकिन पुलिस वारदात के वास्तविक कारण और अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच कर रही है।
Next Story





