भारत

ब्लाइंड रॉबरी का किया खुलासा, 40 लाख की लूट का मास्टरमाइंड निकला नौकर

SHIDDHANT
13 April 2026 9:35 PM IST
ब्लाइंड रॉबरी का किया खुलासा, 40 लाख की लूट का मास्टरमाइंड निकला नौकर
x
खुलासा
Delhi दिल्ली: रूप नगर थाना पुलिस ने महज 2-3 घंटे के भीतर एक बड़ी ब्लाइंड रॉबरी केस का पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जांच में यह सामने आया कि पीड़ित का ही नौकर इस लूट का मास्टरमाइंड निकला। पुलिस ने लूटी गई रकम में से 39,97,500 रुपए भी बरामद कर लिए हैं। पुलिस के अनुसार, 13 अप्रैल को थाना रूप नगर में पीसीआर कॉल के माध्यम से करीब 40 लाख रुपए की लूट की सूचना मिली। शिकायतकर्ता रामअवतार अग्रवाल (67), जो नयाबाजार में चावल का कारोबार करते हैं, ने बताया कि वह अपने नौकर हरिओम उर्फ बंटी के साथ स्कूटी से दुकान जा रहे थे। उनके पास पिट्ठू बैग में 40 लाख रुपए नकद थे, जिसे नौकर संभाल रहा था।
यह घटना सुबह करीब 11:30 बजे रोशनारा बाग रोड स्थित वाई-पॉइंट के पास हुई, जहां एक अज्ञात व्यक्ति ने स्कूटी के सामने आकर उन्हें रोका और बैग छीनने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपी ने मारपीट की और दोनों को गिराकर रुपए से भरा बैग लूटकर फरार हो गया। इस मामले में थाना रूप नगर में एफआईआर संख्या 61/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएचओ इंस्पेक्टर रमेश चंदर कौशिक के नेतृत्व में और एसीपी सिविल लाइंस अशोक कुमार की निगरानी में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में इंस्पेक्टर सुमित, एसआई राजू सिंह, एसआई राहुल गर्ग, एएसआई कपिल कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
जांच के दौरान पुलिस ने कई सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी निगरानी की मदद ली। इसी दौरान नौकर हरिओम उर्फ बंटी की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। कड़ी पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पूछताछ में आरोपी हरिओम ने खुलासा किया कि वह कर्ज में डूबा हुआ था और पैसे की जरूरत के चलते उसने अपनी पत्नी मोनिका और उसके भाई सनी लूथरा के साथ मिलकर इस लूट की साजिश रची। इसके बाद पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पीतमपुरा और शालीमार बाग इलाके में छापेमारी की। पीतमपुरा स्थित ठिकाने से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के कब्जे से 39,97,500 रुपए नकद और दो बैग बरामद किए गए। जांच में यह सामने आया कि 50 हजार रुपए की रकम को आरोपियों ने अपने बैंक खाते में जमा कर दी थी।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान हरिओम उर्फ बंटी, उसकी पत्नी मोनिका और सनी लूथरा के रूप में हुई है।
Next Story