भारत

लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास विस्फोट, गृहमंत्री अमित शाह ने की आपात बैठक

Shantanu Roy
10 Nov 2025 10:06 PM IST
लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास विस्फोट, गृहमंत्री अमित शाह ने की आपात बैठक
x
देखें VIDEO...
New Delhi. नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास सोमवार शाम हुए विस्फोट के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने तत्काल आपात बैठक की। बैठक में उन्होंने दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा और लोक नायक अस्पताल की डॉक्टरों की टीम के साथ घटनाक्रम और घायलों की स्थिति पर चर्चा की। सूत्रों के अनुसार, विस्फोट के तुरंत बाद पुलिस और फोरेंसिक टीमों ने घटनास्थल पर पहुंचकर FSL जांच शुरू कर दी। इसके साथ ही दिल्ली पुलिस की क्राइम टीम ने भी मौके का निरीक्षण किया और शुरुआती साक्ष्यों को संकलित किया।


घटना स्थल की जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि विस्फोट कार, सीएनजी सिलेंडर या किसी अन्य विस्फोटक सामग्री के कारण हुआ। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और चश्मदीदों से पूछताछ शुरू कर दी है। विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास खड़ी कई गाड़ियों में आग लग गई और लोग दहशत में भाग खड़े हुए। स्थानीय अस्पतालों में घायलों का इलाज किया जा रहा है। डॉक्टरों की टीम ने गृह मंत्री को घायलों की स्थिति की जानकारी दी और राहत एवं बचाव कार्य की जानकारी साझा की।

गृह मंत्री अमित शाह ने बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि घटनास्थल की सुरक्षा और आसपास के क्षेत्र की घेराबंदी बनाए रखी जाए। उन्होंने यह भी कहा कि सभी संवेदनशील स्थानों पर पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और संभावित खतरे को रोकने के लिए त्वरित कदम उठाए जाएं। दिल्ली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अधिकारियों के निर्देशों का पालन करें। सुरक्षा एजेंसियां लगातार घटनास्थल और आसपास के इलाके की निगरानी कर रही हैं। इस विस्फोट की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्री ने राष्ट्रीय सुरक्षा और खुफिया एजेंसियों से भी मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
Next Story