भारत

एलपीजी टैंकर में विस्फोट, 3 बसें भी जलकर राख, 1 की मौत, कई झुलसे

jantaserishta.com
27 Oct 2022 4:28 PM IST
एलपीजी टैंकर में विस्फोट, 3 बसें भी जलकर राख, 1 की मौत, कई झुलसे
x
देखें 2 भयानक वीडियो।
रांची (आईएएनएस)| झारखंड में दुमका-भागलपुर हाईवे पर गुरुवार दोपहर एलपीजी टैंकर के दुर्घटनाग्रस्त होने से तेज विस्फोट के साथ आग लग गई और इसने सड़क के किनारे खड़ी एक ही कंपनी की तीन बसों को भी अपनी चपेट में ले लिया। टैंकर और तीनों बसें जलकर पूरी तरह खाक हो गई हैं। हादसे में एक व्यक्ति की जलकर मौत हो गई, जबकि करीब आधा दर्जन लोग झुलस गये हैं। गनीमत यह रही कि बसों में कोई यात्री नहीं था, अन्यथा हादसा बेहद भयावह हो सकता था। समाचार लिखे जाने तक दमकल के दस्ते पहुंच चुके हैं। आग पूरी तर बुझने के बाद ही पता चल पाएगा कि हादसे में कितने लोग हताहत हुए हैं।
यह हादसा बिहार को बंगाल से जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर हंसडीहा थाना क्षेत्र के कुरमाहाट स्थित एक लाइन होटल के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एलपीजी टैंकर पहले एक पेड़ से टकराया और इसके बाद उसमें आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दुर्घटनास्थल से 100 मीटर की दूरी पर खड़ी एक ही कंपनी की तीन बसें भी इसकी चपेट में आकर धधक उठीं। घटनास्थल के आस-पास जो लोग खड़े थे, वे आग की चपेट में आकर झुलस गये। इन्हें इलाज के लिए दुमका स्थित फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज ले जाया गया है। माना जा रहा है कि जिस व्यक्ति की जलने से मौत हुई है, वह टैंकर का ड्राइवर रहा होगा।
टैंकर में हुआ विस्फोट इतना भयंकर था कि उसके टुकड़े दू-दूर तक उड़ते रहे। सड़क किनारे के बिजली पोल और तार टूटने से इलाके में बिजली की आपूर्ति भी ठप हो गयी है। 33 हजार वोल्ट की उच्च क्षमता वाली हाई टेंशन लाइन को भी नुकसान पहुंचा है और इस वजह से महारो ग्रिड से सरैयाहाट पावर सब स्टेशन की आपूर्ति ठप हो गई है। आग की लपटें तीन-चार किमी दूर से ही दिख रही थीं। इस वजह से जसीडीह से गोड्डा को जानेवाली लोकल पैसेंजर ट्रेन को एहतियात के तौर पर नोनीहाट स्टेशन पर रोक दिया गया। सड़क पर आवागमन भी रोक दिया गया है। इस बीच अग्निशमन वाहन मौके पर पहुंचे हैं। आग बुझाने की कोशिशें चल रही हैं।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story