भारत

प्रेमिका के चेहरे पर मारा ब्लेड, फिर खुद फंदे पर झूल गया प्रेमी

Nilmani Pal
6 Jun 2023 1:47 AM GMT
प्रेमिका के चेहरे पर मारा ब्लेड, फिर खुद फंदे पर झूल गया प्रेमी
x
जांच जारी

यूपी। रामपुर के बिलासपुर के गांव मनिहारखेड़ा निवासी राजवीर (18) ने सोमवार शाम घर जाती 19 वर्षीय प्रेमिका पिंकी को रास्ते में रोककर उसकी मांग में सिंदूर भर दिया। प्रेमिका द्वारा विरोध करने पर युवक ने लड़की के चेहरे पर ब्लेड मारने के बाद उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद प्रेमी ने फंदे पर लटक कर खुदकुशी कर ली। ग्रामीणों ने बताया कि दोनों के बीच काफी समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। राजवीर अक्सर पिंकी पर शादी के लिए दबाव बनाता था, लेकिन वह परिजनों की राय के बिना शादी न करने का जवाब दे देती थी। राजवीर मजदूरी करता था। घर की आर्थिक हालत अच्छी न होने के कारण पिंकी भी घरों में बर्तन आदि साफ करने का काम करती थी।

सोमवार शाम चार बजे पिंकी काम करके घर लौट रही थी। रास्ते में राजवीर ने उसे रोक लिया और गन्ने के खेत में खींचते हुए उसकी मांग में सिंदूर भर दिया। पिंकी ने विरोध किया तो उसके गले में पड़े दुपट्टे से ही उसका गला घोंट दिया। पिंकी की जान जाने के बाद करीब 50 मीटर दूर पेड़ पर उसने खुद भी आत्महत्या कर ली। काफी देर बाद उधर से राहगीर गुजरे तो फंदे पर शव लटका देख राजवीर के परिजनों को मामले की जानकारी दी। इसके बाद लोग मौके पर जुटे तो खेत में पिंकी का शव पड़ा मिला। ग्रामीणों की सूचना पर सीओ अरुण कुमार मौके पर पहुंचे। कुछ देर बाद एसपी अशोक कुमार शुक्ला, एएसपी डॉ. संसार सिंह भी मौके पर पहुंच गए। शवों को कब्जे में लेते समय पुलिस को मौके से सिंदूर की डिब्बी भी मिली है।

पुलिस ने बताया कि राजवीर की जेब से पासबुक मिली है, जो पिंकी के बैंक खाते की है। इसके अलावा पिंकी की टीसी भी मिली है। राजवीर ने ये दोनों चीजें जेब में क्यों रखी थीं, पुलिस इसका पता लगाने की कोशिश कर रही है। ग्रामीणों ने बताया कि राजवीर ने कक्षा आठ तक पढ़ाई करने के बाद मजदूरी शुरू कर दी थी। पिंकी भी आठवीं पास थी। राजवीर की जेब से मिली पिंकी की टीसी भी 8वीं क्लास की है। दोनों अनुसूचित वर्ग से थे, लेकिन बिरादरी अलग-अलग थीं।

Next Story