भारत
भाजपा के प्रेम कुमार सर्वसम्मति से बने बिहार विधानसभा अध्यक्ष
jantaserishta.com
2 Dec 2025 12:33 PM IST

x
पटना: भाजपा के नेता और गया सदर के विधायक प्रेम कुमार को मंगलवार को बिहार विधानसभा में सर्वसम्मति से अध्यक्ष निर्वाचित किया गया। अध्यक्ष निर्वाचन के बाद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने नव निर्वाचित अध्यक्ष को आसन तक पहुंचाया।
इससे पहले प्रोटेम स्पीकर नरेंद्र नारायण यादव ने उनके सर्वसम्मति से निर्वाचित होने की घोषणा की। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सर्वसम्मति से प्रेम कुमार को विधानसभा अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई और शुभकामना दी है। उन्होंने कहा कि प्रेम कुमार लंबे समय से इस विधानसभा के सदस्य हैं। वे काफी अनुभवी हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सभी सदस्यों से खड़ा होकर शुभकामना देने का भी आग्रह किया।
इसके बाद सभी सदस्यों ने खड़े होकर अध्यक्ष को बधाई दी। इसके बाद उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा और विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने भी नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रेम कुमार को बधाई और शुभकामना दी। सभी ने उनके अनुभव की चर्चा की और सदन को इसका लाभ मिलने की आशा व्यक्त की।
बता दें कि सोमवार को गया सदर से निर्वाचित प्रेम कुमार ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया था। उनका निर्विरोध चुना जाना तय माना जा रहा था। प्रेम कुमार भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं और वे गया सदर विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं। वे इस सीट से इस बार लगातार नौवीं बार विधायक चुने गए हैं। बिहार सरकार में उन्होंने विभिन्न विभागों के मंत्री का दायित्व भी सफलतापूर्वक निभाया है।
प्रेम कुमार पहली बार 1990 में विधायक बने थे और तब से लगातार नौ बार जीत दर्ज कर चुके हैं। अत्यंत पिछड़े वर्ग के नेताओं में अपनी पहचान बना चुके हैं। 2015 से 2017 तक वे नेता विरोधी दल रहे हैं। पहली बार वे वर्ष 2005 में नीतीश सरकार में मंत्री बने थे। इसके बाद 2010, 2017 से 2020 और 2020 से 2024 तक कैबिनेट के मंत्री रहे। इससे पहले भाजपा के नेता नंद किशोर यादव विधानसभा अध्यक्ष थे।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





