भारत

जदयू नेता से बढ़ी भाजपा की नजदीकी, एम्स में भर्ती उपेंद्र कुशवाहा से भाजपा नेताओं की बैठक

jantaserishta.com
21 Jan 2023 11:45 AM IST
जदयू नेता से बढ़ी भाजपा की नजदीकी, एम्स में भर्ती उपेंद्र कुशवाहा से भाजपा नेताओं की बैठक
x
पटना (आईएएनएस)| बिहार में सत्ताधारी महागठबंधन में उपजे विवाद के बाद दिल्ली एम्स में भर्ती जनता दल (यूनाइटेड) संसदीय बोर्ड के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं के मिलने के बाद कुशवाहा के भाजपा में शामिल होने की चर्चा तेज हो गई है। कुशवाहा इन दिनों रूटीन चेकअप के लिए दिल्ली एम्स में भर्ती हैं। इसी बीच दिल्ली एम्स से आयी कुछ तस्वीरें चर्चा का विषय बनी हुई है।
तस्वीरों में देखा जा रहा है कि भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता और पूर्व विधायक संजय टाइगर, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता और पूर्व विधायक प्रेम रंजन पटेल और भाजपा नेता योगेंद्र पासवान ने दिल्ली एम्स में भर्ती उपेंद्र कुशवाहा से मुलाकात की और उनका कुशलक्षेम जाना।
मुलाकात के दौरान उपेंद्र कुशवाहा बेड पर लेटे हैं जबकि भाजपा के तीनों नेता कुर्सी पर बैठे हैं।
भाजपा नेताओं के उपेंद्र कुशवाहा से मिलने के बाद इस संभावना को बल मिला है कि कुशवाहा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को झटका देकर भाजपा के साथ जा सकते हैं।
इधर, दिल्ली एम्स में उपेंद्र कुशवाहा से मुलाकात के बाद भाजपा के नेता प्रेम रंजन पटेल ने कहा कि ये मुलाकात औपचारिक थी। कुशवाहा एम्स में भर्ती थे, इसलिए उनका कुशलक्षेम पूछने भाजपा के नेता गए थे।
पटेल ने कहा कि उपेंद्र कुशवाहा भाजपा और एनडीए के पुराने सहयोगी रहे हैं, इसलिए वे लोग एम्स में जाकर उपेंद्र कुशवाहा का हालचाल जाना। इसे राजनीति से जोड़कर देखना सही नहीं।
उल्लेखनीय है कि उपेंद्र कुशवाहा ने अपनी पार्टी राष्ट्रीय लोक समता पार्टी का नीतीश कुमार की पार्टी जदयू में विलय कर दिया था। इसके बाद कुशवाहा को संसदीय बोर्ड का राष्ट्रीय अध्यक्ष और एमएलसी बनाया था। लेकिन मंत्री नहीं बनाया गया। पिछले दिनों कुशवाहा के उप मुख्यमंत्री बनाए जाने की चर्चा भी थी, लेकिन नीतीश कुमार ने इसे सिरे से नकार दिया।
वैसे, पिछले दिनों कुशवाहा ने भाजपा में जाने की किसी भी संभावना से इंकार किया था, लेकिन एम्स से निकली इस तस्वीर ने भाजपा के साथ उनकी नजदीकियों को जगजाहिर कर दिया है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story