भारत

राज्य में पुलिस के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं की हुई भिड़ंत, देखें VIDEO

Admin2
30 Oct 2020 1:07 AM GMT
राज्य में पुलिस के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं की हुई भिड़ंत, देखें VIDEO
x

ANI 

अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात

कोलकाता: हावड़ा के बागनान इलाके में महाअष्टमी की रात गोली का शिकार बने भाजपा के स्थानीय बूथ उपाध्यक्ष किंकर मांझी की बुधवार को अस्पताल में मौत के बाद भाजपा की ओर से बुलाए गए 12 घंटा व्यापी बागनान बंद के चलते गुरुवार सुबह से ही इलाके में तनाव का माहौल है। इस क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर दुकानें, बाजार बंद हैं। यातायात के साधन भी सामान्य दिनों की संख्या में काफी कम हैं। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

वहीं तृणमूल कांंग्रेस के कार्यकर्ता बंद को असफल बनाने के लिए सुबह से ही सडक़ों पर हैं। इसको लेकर दोनों पक्षों के बीच झड़पें भी हुई है। वहीं, पुलिस कर्मियों के साथ में बंद को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं की जमकर झड़प हुई है।

जानकारी के अनुसार, बागनान के रथतला इलाके में भाजपा समर्थकों को पुलिस ने तितर- बितर करने के लिए लाठीचार्ज भी किया है। भाजपा ने इसको लेकर पुलिस प्रशासन पर बल प्रयोग का आरोप लगाया है। दूसरी तरफ खबर यह भी है कि पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा जमा किए गए कुछ जिंदा देसी बम भी बरामद किए हैं। इधर, भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सौमित्र खान के मृतक के घर जाने से रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेड कर दिया है। इसको लेकर भाजपा कार्यकर्ता और उग्र हो गए हैं। इधर तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए रैफ, विशेष पुलिसबल, जलकमान की तैनाती भी की गई है। प्रशासन भाजपा प्रतिनिधिमंडल को मृतक के घर के पास जाने से रोकने की तैयारी में है।इधर, तृणमूल कांग्रेस के स्थानीय विधायक अरुणाभ सेन ने समर्थकों के साथ गुरूवार की सुबह बागनान के विभिन्न इलाकों में जुलूस निकाला। बंद खुलवाने के लिए दुकानदारों से अपील की।

गौरतलब है कि इससे पहले बुधवार सुबह किंकर मांझी की मौत की खबर के बाद इलाके में तनाव फैल गया था। मृतक के परिजनों व भाजपा समर्थकों ने जगह-जगह प्रदर्शन किया। रास्तों पर टायर जलाकर जाम लगाया। थाने के सामने धरने पर बैठ गए। आरोपितों के घर तोडफ़ोड़ और आगजनी भी की गई थी।

क्या है मामला

उल्लेखनीय है कि स्थानीय भाजपा नेता किंकर मांझी के पेट में गोली मारी गई थी। गोली मारने का आरोप उनके पड़ोसी पर लगा था, जो तृणमूल से जुड़े बताए जा रहे हैं। वहीं, 5 दिनों तक जिंदगी व मौत से जूझने के बाद बुधवार को कोलकाता के नीलरतन सरकार अस्पताल में उनकी मौत हो गई थी। उन्हें कोरोना संक्रमित भी पाया गया था। हावड़ा ग्रामीण पुलिस अधीक्षक सौम्य राय ने बताया कि मृतक के परिजनों की ओर से तीन लोगों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई गई है जिसमें से एक को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी की तलाश की जा रही है।

Next Story