भारत

6 अप्रैल से केंद्रित बूथ विजय अभियान शुरू करेगी बीजेपी

Nilmani Pal
2 April 2024 2:09 AM GMT
6 अप्रैल से केंद्रित बूथ विजय अभियान शुरू करेगी बीजेपी
x

दिल्ली। भाजपा ने लोकसभा चुनाव 2024 में बेहतर बूथ प्रबंधन के जरिए विपक्ष को चुनौती देने का खाका खींचा है। पार्टी कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पत्र लेकर घर-घर जाएंगे। लोगों से भाजपा को जिताने की अपील करेंगे। यह जिम्मा पन्ना प्रमुखों और बूथ समितियों के कार्यकर्ताओं को मिला है। पार्टी अपने स्थापना दिवस के मौके पर छह अप्रैल से बूथ और पन्ना प्रमुखों पर केंद्रित बूथ विजय अभियान शुरू करेगी।

भारतीय जनता पार्टी ने इस बार बड़ी संख्या में प्रत्याशियों का ऐलान भी चुनावी तिथियों की घोषणा से पहले ही कर दिया था। वर्ष 2014 और 2019 के चुनाव भाजपा ने बेहतर बूथ प्रबंधन के बूते जीते थे। इसके चलते पार्टी ने अपने वोट शेयर में भी लगातार इजाफा किया है। 2019 में एनडीए को यूपी में 50 फीसदी से अधिक वोट मिले थे। इस बार पार्टी ने मिशन-370 के तहत हर बूथ पर पहले से 370 वोट अधिक लाने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह नये सिरे से बूथों को मजबूती देने के लिए कई प्रयोग करने में जुटे हैं। अब तक वाराणसी, उन्नाव, मेरठ, सहारनपुर सहित कई स्थानों पर बैठक कर चुके हैं।

उधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टीजनों और समर्थकों को हर घर तक उनका संदेश पहुंचाने का टास्क दिया है। बूथ विजय अभियान के तहत इस काम को पन्ना प्रमुख और बूथ समितियों से जुड़े कार्यकर्ता अंजाम देंगे। वोटर लिस्ट के हर पेज पर 60 नाम अंकित हैं। संबंधित पन्ना प्रमुख इन सभी के घर जाएंगे। उनके घरों पर भाजपा का झंडा लगाएंगे। उनका मोबाइल नंबर अपडेट करेंगे। मतदान तक इन सभी के नियमित संपर्क में रहेंगे।

अंबेडकर जयंती के दिन हर बूथ पर पार्टी समरसता दिवस मनाएगी। हर बूथ के कार्यकर्ताओं का व्हाट्सएप ग्रुप भी बनाया जा रहा है, जिस पर नियमित पार्टी के प्रचार से जुड़े संदेश भेजे जाएंगे। मतदान से पूर्व पीएम मोदी के पत्र संग मतदाता पर्ची भी हर घर तक पहुंचाई जाएगी। भाजपा प्रत्याशी के बैलेट का नमूना भी घर-घर पहुंचाया जाएगा ताकि मतदाताओं को पार्टी प्रत्याशी का क्रम समझने में दिक्कत न हो।


Next Story