
बंगाल। TMC प्रमुख और पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपने भतीजे अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले को लेकर नाराजगी जताई है. उन्होंने आरोप लगाया है कि बीजेपी और डीसीपी अस्पताल को धमकी दे रहे हैं. ममता ने दावा किया है कि अगर अभिषेक बनर्जी को कुछ भी हुआ तो उसका जिम्मेदार अस्पताल ही होगा.
ममता बनर्जी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि अभिषेक बनर्जी को अस्पताल के आईटीयू में भर्ती कराया गया था. वहां उनके 3D सीटी स्कैन, यूएसजी और थोरेसिक टेस्ट किए गए थे. उन्होंने कहा कि अस्पताल पर बनाए जा रहे भारी दबाव के बीच अभिषेक को घर भेज दिया गया है और अब घर पर ही उनका इलाज चलेगा. ममता बनर्जी ने कहा, 'अभिषेक को घर भेज दिया गया है. अब उनका इलाज घर पर ही जारी रहेगा. हमारे फैमिली डॉक्टर पूरे इलाज की निगरानी करेंगे.' ममता बनर्जी ने अस्पताल प्रशासन और कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए. उन्होंने पूछा कि अगर अभिषेक की हालत गंभीर नहीं थी, तो उन्हें आईटीयू में क्यों रखा गया था? और अगर वो गंभीर थे, तो अब दबाव में उन्हें रिलीज क्यों कर दिया गया? उन्होंने इसे सुरक्षा में बड़ी चूक बताया.
ममता बनर्जी ने कहा, 'उनके (अभिषेक बनर्जी) शरीर में खून के थक्के जमे हुए हैं. अगर उन्होंने हेलमेट नहीं पहना होता, तो अभिषेक की मौके पर ही मौत हो जाती. अब अभिषेक का घर ही अस्पताल की तरह रहेगा. वहां ऑक्सीजन सिलेंडर और दूसरी जरूरी उपकरण रखे जाएंगे. अगर अभिषेक को कुछ भी होता है, तो इसके लिए ये अस्पताल ही जिम्मेदार होंगे.' ममता ने इस पूरी स्थिति को लोकतंत्र की हत्या करार दिया. उन्होंने ये भी कहा कि ये सरकार बदली नहीं है, बल्कि इसे जबरन बदला गया है. बंगाल के स्थानीय नेताओं पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि दिल्ली के बीजेपी नेता इतने बुरे नहीं हैं, जितने यहां बंगाल के नेता हैं. उन्होंने सीआईडी को भी डरपोक बताया.





