भारत

राहुल के बयान पर भाजपा का पलटवार, कहा- क्या सत्य और अहिंसा में विश्वास करना लोगों को अपमानित करना है?

jantaserishta.com
23 March 2023 2:20 PM IST
राहुल के बयान पर भाजपा का पलटवार, कहा- क्या सत्य और अहिंसा में विश्वास करना लोगों को अपमानित करना है?
x
नई दिल्ली (आईएएनएस)| सूरत की अदालत द्वारा सजा मिलने के बाद राहुल गांधी द्वारा दी गई प्रतिक्रिया पर पलटवार करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा है कि, राहुल गांधी ने कहा कि मैं सत्य और अहिंसा में विश्वास करता हूं। क्या सत्य और अहिंसा में विश्वास करना लोगों को अपमानित करना है? देश को जातिसूचक गाली देना है? देश में कानून के राज की बात करते हुए प्रसाद ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर भी अदालत की अवमानना करने का आरोप लगाया।
भाजपा राष्ट्रीय मुख्यालय में मीडिया से बात करते हुए रविशंकर प्रसाद ने कहा कि अगर राहुल गांधी को अपनी जिद से लोगों को अपमानित करने का और गाली देने का अधिकार है तो उनकी गाली से पीड़ित लोगों को भी मानहानि का केस करने का अधिकार है।
उन्होंने आगे कहा कि, आप गाली देंगे, आप देश की सेना का अपमान करेंगे, देश के शहीदों की शहादत का मजाक बनाएंगे, आप देश की राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रशक्ति का अपमान करेंगे, आप देश के मतदाताओं का अपमान करेंगे और कहेंगे कि मैं सत्य और अहिंसा में विश्वास करता हूं, ऐसा कैसे चलेगा?
राहुल गांधी को मिली सजा पर कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा दिए गए बयान को अदालत की अवमानना करार देते हुए प्रसाद ने कहा कि कांग्रेस के अध्यक्ष से एक जिम्मेदार बयान की उम्मीद की जाती है लेकिन उन्होंने यह कहा है कि कोर्ट के जज को बार-बार बदला गया। उन्हें कोर्ट पर भी भरोसा नहीं है। क्या कांग्रेस पार्टी न्यायपालिका को भी अपनी जेब में रखना चाहती है?
भाजपा नेता ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी को सूरत की एक कोर्ट ने मानहानि के मामले में 2 साल की सजा दी है। कांग्रेस पार्टी बहुत कुछ कह रही है लेकिन ये नहीं बता रही है कि राहुल गांधी ने कहा क्या था? राहुल गांधी ने कर्नाटक में 2019 की चुनावी रैली में कहा था कि सारे चोरों का सरनेम मोदी क्यों होता है?
भाजपा नेता ने कहा कि राफेल मामले में भी राहुल गांधी ने कोर्ट के फैसले पर सवाल उठाया था और फिर माफी मांगी थी। उन्होंने कहा कि भाजपा आलोचना का सम्मान करती है लेकिन राहुल गांधी आलोचना नहीं करते हैं, वे देश को बदनाम करते हैं, देश की जनता और देश के लोकतंत्र को बदनाम करते हैं।
उन्होंने बताया कि बिहार भाजपा के नेता सुशील कुमार मोदी ने भी पटना की अदालत में राहुल गांधी के खिलाफ केस कर रखा है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story